केबीएस टाइगर ने हासिल की शानदार जीत, खिताब पर जमाया कब्जा

प्रधानाचार्या शैलजा पाण्डेय के निर्देशन में हुई प्रतियोगिता में केबीएस टाइगर और केबीएस पैंथर टीमों ने प्रतिभाग किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भगवानपुर स्थित केबीएस यूनिक द प्ले वर्ल्ड स्कूल में विद्यार्थियों के शारीरिक व मानसिक विकास, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रधानाचार्या शैलजा पाण्डेय के निर्देशन में हुई प्रतियोगिता में केबीएस टाइगर और केबीएस पैंथर टीमों ने प्रतिभाग किया।

मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने फुर्ती, तालमेल और रणनीति का शानदार प्रदर्शन किया। केबीएस टाइगर की कप्तानी अयांश ने की, जबकि अगम उपकप्तान रहे। टीम में भव्या, रिया, पीहू, उजाला, आर्यन, कार्तिक, अनुभव, अभिषेक और पियूष शामिल रहे। वहीं केबीएस पैंथर की कमान नितेश ने संभाली और अंशिका उपकप्तान रहीं। टीम में श्रेयांश, अभिलाश, अयांश राव, अल्पना, श्रेया, मयंक, सत्या, विनीत और शिवा ने हिस्सा लिया।

मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। खिलाड़ियों ने खेल के नियमों का पालन करते हुए अनुशासन और टीमवर्क का परिचय दिया। रोमांचक मुकाबले के बाद केबीएस टाइगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केबीएस पैंथर को पछाड़कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।

खेल से विकसित होती हैं नेतृत्व क्षमता

प्रतियोगिता के समापन पर प्रधानाचार्या शैलजा पाण्डेय ने कहा कि खेल शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। विद्यालय में पढ़ाई के साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।

विजेता केबीएस टाइगर टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button