3 किलोमीटर का सफर, 6 घंटे की तपस्या! पचदेवरी के युवाओं ने दंडवत यात्रा से रचा आस्था का अनोखा दृश्य

सावन के अंतिम सोमवार पर पचदेवरी के सैकड़ों युवाओं ने छह घंटे में तीन किलोमीटर की दंडवत यात्रा पूरी कर बाबा निंबेश्वर नाथ के दरबार में जलाभिषेक किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सावन के अंतिम सोमवार को गोरखपुर में शिवभक्ति का एक अनोखा नजारा देखने को मिला। पचदेवरी के सैकड़ों युवाओं ने रात 12 बजे दंडवत यात्रा शुरू की और करीब छह घंटे में तीन किलोमीटर की दूरी तय कर बाबा निंबेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे। जमीन पर दंडवत करते हुए आगे बढ़ते युवाओं के जयघोष से पूरा रास्ता भक्तिमय बना रहा।

चार साल से जारी है दंडवत यात्रा

पचदेवरी के युवाओं की यह अनोखी परंपरा पिछले चार वर्षों से जारी है। सावन के अंतिम सोमवार को युवा सामूहिक रूप से बाबा निंबेश्वर नाथ के दरबार तक दंडवत यात्रा करने का संकल्प लेते हैं। यात्रा में श्रद्धालु जमीन पर लेटकर दंडवत करते, फिर उठकर कुछ कदम आगे बढ़ते और दोबारा उसी तरह आगे बढ़ते रहे। रात से शुरू हुई यात्रा सुबह करीब छह बजे मंदिर पहुंचकर पूरी हुई।

परिक्रमा के बाद कुंड में किया स्नान

मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा निंबेश्वर नाथ की परिक्रमा की। इसके बाद मंदिर परिसर स्थित कुंड में स्नान किया और भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। स्थानीय श्रद्धालुओं के बीच मंदिर के कुंड को लेकर भी विशेष मान्यता है। लोगों का विश्वास है कि इसमें स्नान करने से त्वचा संबंधी परेशानियों से राहत मिलती है। वहीं बाबा निंबेश्वर नाथ के शिवलिंग को श्रद्धालु स्वयंभू मानते हैं।

आस्था के आगे तीन किलोमीटर का सफर भी छोटा

दंडवत यात्रा के दौरान रास्ते भर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे। छह घंटे तक चली इस कठिन यात्रा में युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। सावन के दौरान बाबा निंबेश्वर नाथ मंदिर में दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन पचदेवरी के युवाओं की यह यात्रा शिवभक्ति की अलग तस्वीर पेश करती है। तीन किलोमीटर का सफर भले ही छह घंटे में पूरा हुआ, लेकिन श्रद्धालुओं के लिए आस्था के सामने यह दूरी छोटी साबित हुई।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: समंदर में डूबा पनामा का जहाज, 22 लोगों की तलाश में रेस्क्यू टीमों का अभियान

Related Articles

Back to top button