शान से सेमीफाइनल में पहुंचा भारत
अंडर-19 विश्वकप से पाक बाहर

- भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 58 रनों से दी मात
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
बुलावायो। आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के सुपर सिक्स मुकाबले में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हर विभाग में पछाड़ते हुए 58 रनों से करारी शिकस्त दी और शानदार अंदाज में सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया। यह मुकाबला सिर्फ जीत नहीं, बल्कि पाकिस्तान की रणनीति और इरादों की पूरी तरह पोल खोलने वाला रहा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय अंडर-19 टीम ने 252 रन बनाए थे और पाकिस्तान को ये लक्ष्य सेमीफाइनल में पहुंचने और अपना नेट रन रेट बेहतर करने के लिए 33.3 ओवर में 253 रन का लक्ष्य हासिल करना था। लेकिन पाकिस्तान की अंडर-19 टीम ऐसा नहीं कर सकी और 46.2 ओवर में 194 के स्कोर पर ही ऑलआउट हो गई। भारत के लिए इस मुकाबले में आयुष म्हात्रे और खिलान पटेल ने तीन-तीन विकेट झटके। भारत की इस धमाकेदार जीत के नायक रहे युवा ऑलराउंडर कनिष्क चौहान, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। निचले क्रम में 29 गेंदों में ताबड़तोड़ 35 रन ठोककर उन्होंने भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद गेंदबाजी में 10 ओवर में सिर्फ 30 रन देकर पाकिस्तान की रनगति पर ब्रेक लगा दिया। पिच से स्पिनरों को मदद मिलते ही पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। एक छोर से डॉट बॉल्स, दूसरे छोर से विकेट के साथ भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान को सांस तक नहीं लेने दी। विकेट गिरते गए और रन रुकते गए। आखिरकार पूरी पाकिस्तानी टीम 194 रन पर ढेर हो गई, और भारत ने 58 रनों की बड़ी जीत दर्ज की।
बहिष्कार की नौटंकी करने वाले पाक पर लगाम कसने की तैयारी!
नई दिल्ली। पाकिस्तान ने रविवार को भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप का मुकाबला खेलने से मना कर दिया। पाकिस्तान की सरकार ने राष्ट्रीय टीम को सात फरवरी से होने वाले इस वैश्विक टूर्नामेंट में खेलने की मंजूरी दी है, लेकिन भारत के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान बहिष्कार की नौटंकी कर रहा है, लेकिन उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। बयान में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने की कोई वजह नहीं बताई गई। आईसीसी ने पाक के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी कि इस बहिष्कार के परिणामस्वरूप दंडात्मक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। आईसीसी को उम्मीद है कि पीसीबी अपने देश में क्रिकेट पर पडऩे वाले महत्वपूर्ण और दीर्घकालिक प्रभावों पर विचार करेगा, क्योंकि इससे वैश्विक क्रिकेट व्यवस्था पर असर पडऩे की संभावना है जिसका वह स्वयं एक सदस्य और लाभार्थी है। पाकिस्तान सरकार के इस फैसले पर आईसीसी ने कहा कि वह पीसीबी से आधिकारिक संवाद की प्रतीक्षा कर रहा है, लेकिन चयनात्मक भागीदारी का यह रुख किसी भी वैश्विक खेल प्रतियोगिता की मूल भावना के विपरीत है।



