दिन में सपने बेच रही नीतीश सरकार: राजेश

- बिहार बजट पर कांग्रेस का तीखा हमला
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
पटना। बिहार विधानमंडल में पेश किए गए वित्तीय वर्ष के बजट को लेकर सूबे की सियासत गरमा गई है। बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने राज्य सरकार के बजट पर करारा प्रहार करते हुए इसे केंद्र सरकार की तर्ज पर झूठ का पुलिंदा और झूठा सपना करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल हवा-हवाई आंकड़ों की बाजीगरी कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कड़े शब्दों में कहा कि साल-दर-साल बजट की रकम तो बढ़ाई जा रही है, लेकिन इसका सार्थक लाभ धरातल पर नजर नहीं आता।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार बजट का सही इस्तेमाल करने में पूरी तरह फिसड्डी साबित हुई है। एनडीए सरकार 200 से अधिक सीटें जीतने के अहंकार में बिहार की मूल जरूरतों को दरकिनार कर रही है। यह बजट आम नागरिकों को छलावे के सिवा कुछ नहीं देता। उन्होंने आगे कहा कि युवाओं के रोजगार और उद्योगों के विकास पर केवल घोषणाएं हुईं, लेकिन धरातल पर एक भी योजना नहीं उतरी। साथ ही शिक्षा और रोजगार के आंकड़ों को चमकदार बनाकर पेश किया गया, जबकि जमीनी हकीकत इसके उलट है।
वंही कांग्रेस पार्टी ने मीडिया के माध्यम से संगठन की देशव्यापी आवाज को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक नई पहल की है। इसमें राजनीति में प्रवक्ता, रिसर्चर और मीडिया पैनलिस्ट के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने के इच्छुक युवाओं के लिए ‘नेशनल टैलेंट हंट-मुखर आवाज’ अभियान शुरू किया है।
महिलाओं की सुरक्षा और रोजगार पर उठाए सवाल
राजेश राम ने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए पटना की कानून व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जो सरकार राजधानी में महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षा नहीं दे सकती, वह महिलाओं और किसानों की बेहतरी की बात केवल मार्केटिंग के लिए कर रही है।



