Govinda हो गए हैं 62 की उम्र में दिवालिया, गिरवी रखा अपना बंगला

बॉलीवुड के 90s के सुपरस्टार रहे एक्टर-राजनेता गोविंदा का नाम इस समय हर मीडिया हेडलाइन का हिस्सा बना हुआ है। आखिर, एक ओर उनकी निजी ज़िंदगी चर्चा का विषय बनी हुई है..

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बॉलीवुड के 90s के सुपरस्टार रहे एक्टर-राजनेता गोविंदा का नाम इस समय हर मीडिया हेडलाइन का हिस्सा बना हुआ है। आखिर, एक ओर उनकी निजी ज़िंदगी चर्चा का विषय बनी हुई है..तो, दूसरी तरफ, उनका स्कूल फंक्शन्स और शादियों में डांस करना..लोगों की नजरों में बना हुआ है। किसी को भी ये समझ जो नहीं आ रहा कि, ऐसी क्या मज़बूरी आन पड़ी कि, उन्हें स्टेज पर नाचना पड़ रहा है..?

तो, इन सबके बीच, इन अफवाहों ने भी जोर पकड़ा कि, 62 साल के एक्टर ‘दिवालिया’ हो गए हैं।  इन खबरों ने जोर पकड़ा कि, उनकी हालत पैसों के मामले में खराब है। इस तरह की बातों को और हवा तब मिली जब, गोविंदा को उत्तर प्रदेश में एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय एक आम गाड़ी में बैठते हुए देखा गया। कभी लग्जरी कार में सफर करने वाले एक्टर को यूं सिंपल कार में बैठते देख लोगों ने उनके डाउनफॉल का अंदाज़ा तक लगा लिया था।

ऐसे में, अब इन खबरों पर गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने एक इंटरव्यू में रियेक्ट किया है। शशि ने सबसे पहले उस बात पर जवाब दिया, जिसमें बोला जा रहा था कि गोविंदा स्कूलों और निजी कार्यक्रमों में डांस कर रहे हैं ताकि वो पैसे कमा सकें। तो, इस पर उन्होंने ANI से कहा- ”डांस करना उनका पेशा है। इसका मतलब ये नहीं कि वो दिवालिया हो गए हैं। अगर वो अपने परिवार का ख्याल नहीं रखेंगे तो कौन रखेगा? वो आज भी अपनी पत्नी और बच्चों की पूरी जिम्मेदारी निभा रहे हैं”।

वहीं, गोविंदा के मैनेजर ने उन्हें काम ना मिलने की खबरों पर भी बात की। उनके मुताबिक, गोविंदा अच्छी स्क्रिप्ट की तलाश कर रहे हैं। मैनेजर शशि सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि एक्टर के काम में कोई कमी नहीं आई है। सिन्हा के मुताबिक ‘कई प्रोजेक्ट उनके पास हैं, जिससे वे व्यस्त हैं। एक समय था जब गोविंदा एक साल में करोड़ों के प्रोजेक्ट छोड़ देते थे। आज अगर उन्हें कोई स्क्रिप्ट पसंद नहीं आती तो कोई बात नहीं। यह अलग बात है। कई प्रोड्यूसर और यहां तक ​​कि एक्टर्स भी उन्हें ऑफर दे रहे हैं, हालांकि हाल के दिनों में उनकी कोई हिट फिल्म नहीं आई है। वो बस सही ऑफर का इंतजार कर रहे हैं।’

शशि सिन्हा ने आगे बताया कि, गोविंदा अपने प्रोफेशन के तहत हाल के प्रोग्राम्स में परफॉर्म कर रहे हैं। उन्होंने यह भी हिंट दिया कि गोविंदा आने वाले दिनों में किसी बड़े प्रोजेक्ट की अनाउंसमेंट कर सकते हैं। साथ ही, उन्होंने ये भी इशारा किया कि गोविंदा जल्द ही अपनी होम प्रोडक्शन कंपनी ‘गोविंदा फिल्म्स इंटरनेशनल’ के तहत किसी प्रोजेक्ट का ऐलान कर सकते हैं।

जहां शशि सिन्हा ने अपनी इस बातचीत में गोविंदा को लेकर उठ रहे हर सवाल पर बात की और, साफ़-साफ़ जवाब भी दिया। तो, दूसरी तरफ, ये खबरें भी उड़ी कि, एक्टर ने पैसों की कमी के चलते अपना ‘बंगला’ तक गिरवी रख दिया है। इसपर भी शशि का जवाब आया और उन्होंने बताया कि गोविंदा दिवालिया होने के सबसे करीब तब पहुंचे थे जब उन्हें अपना घर गिरवी रखना पड़ा। उनके मुताबिक, ”एक वक्त ऐसा था जब उन्होंने अपनी FD तुड़वाई, उसमें और पैसे जोड़े और दूसरों की मदद कर दी। हालात ऐसे बन गए कि उन्हें घर गिरवी रखना पड़ा। उस कर्ज को चुकाने के लिए ही एक्टर को इवेंट्स में डांस परफॉर्म करना पड़ा था।”

बात गोविंदा की करें तो, उनका असली नाम ‘गोविंद अरुण आहुजा’ है। उनका जन्म 21 दिसंबर 1963 को महाराष्ट्र के विरार में हुआ। उनके पिता अरुण आहुजा एक एक्टर-प्रोड्यूसर थे, जबकि मां निर्मला देवी एक जानी-मानी सिंगर थीं। हालांकि उनके पिता की फिल्मों के फ्लॉप होने के बाद परिवार को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा। विरार में आम ज़िंदगी जीते हुए गोविंदा ने अपने सपनों को बड़ा रखा।

स्कूल और कॉलेज के दिनों में ही उन्हें एक्टिंग-डांसिंग का शौक था। उन्होंने अपनी मां से प्रेरणा ली और फिल्मों में आने का सपना देखा। लेकिन यह सफर आसान नहीं था। उन्होंने कई बार स्टूडियो के बाहर लाइन लगाई, घंटों इंतज़ार किया, और धीरे-धीरे अपने लिए जगह बनाई। गोविंदा ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 1986 में फिल्म “इल्ज़ाम” से की, जो बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई। इस फिल्म ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक हिट फिल्में दीं। फिर, 90 के दशक में गोविंदा ने बॉलीवुड में जो जादू दिखाया, वह शायद ही किसी और स्टार ने दिखाया हो। डायरेक्टर डेविड धवन के साथ उनकी जोड़ी ने इंडस्ट्री में नया ट्रेंड सेट किया। इन दोनों ने मिलकर दर्जनों सुपरहिट फिल्में दीं। जिनमें, ‘राजा बाबू’, ‘कुली नंबर 1’, ‘हीरो नंबर 1’, ‘साजन चले ससुराल’, ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘हसीना मान जाएगी’ शामिल रही।

गोविंदा की खासियत यह थी कि वो कॉमेडी को भी दिल से निभाते थे। उनके एक्सप्रेशन, डायलॉग डिलीवरी और टाइमिंग इतनी नेचुरल होती थी कि दर्शक अपने दुख भूल जाते थे। तो, गोविंदा सिर्फ कॉमेडी तक सीमित नहीं रहे। उनका डांसिंग स्टाइल भी उतना ही अनोखा था। जहां एक ओर मिथुन चक्रवर्ती और ऋतिक रोशन जैसे डांसर तकनीकी मूव्स में माहिर थे, वहीं गोविंदा का डांस आम आदमी से जुड़ा हुआ था — मस्तीभरा, फ्री-फ्लो और एनर्जी से भरा हुआ।

फिल्मी करियर के साथ गोविंदा ने राजनीति में भी अपनी किस्मत आजमाई। 2004 में उन्होंने कांग्रेस पार्टी के टिकट पर मुंबई नॉर्थ सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा और बीजेपी के राम नाइक को हराकर सांसद बने। हालांकि राजनीति में वे ज़्यादा समय नहीं दे सके। काम का दबाव और फिल्मों से दूरी ने उन्हें राजनीति से दूर कर दिया।

गोविंदा की पर्सनल लाइफ भी दिलचस्प रही है। उन्होंने साल 1987 में सुनीता से शादी की, जो उनकी चाची के रिश्ते में जुड़ी थीं। दोनों की मुलाकात तब हुई जब गोविंदा अभी फिल्म इंडस्ट्री में स्ट्रगल कर रहे थे। सुनीता मॉडर्न और स्टाइलिश लड़की थीं, जबकि गोविंदा देसी और शर्मीले स्वभाव के। दोनों के बीच काफी मतभेद भी रहे, लेकिन प्यार ने जीत हासिल की। दोनों के दो बच्चे हैं — नर्मदा (टीना आहुजा) और यशवर्धन आहुजा। टीना ने फिल्मों में भी कदम रखा, लेकिन गोविंदा की तरह सफलता नहीं पा सकीं। यश भी स्क्रीन का हिस्सा हैं। गोविंदा का नाम फिल्म इंडस्ट्री में कई अफवाहों से भी जुड़ा रहा। सबसे चर्चित अफेयर उनका रहा- एक्ट्रेस रानी मुखर्जी के साथ। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया। दोनों की नज़दीकियों की खबरें उस समय मीडिया में खूब चलीं। कहा जाता है कि सुनीता ने इस रिश्ते से नाराज़ होकर घर तक छोड़ दिया था, हालांकि बाद में सब कुछ ठीक हो गया।

वहीं, 2000 के दशक में जब बॉलीवुड में (सलमान, शाहरुख, आमिर) का बोलबाला था, तब गोविंदा की फिल्मों का ग्राफ गिरने लगा। उनकी कई फिल्में फ्लॉप रहीं। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और 2007 में “पार्टनर” फिल्म से शानदार वापसी की। इस फिल्म में सलमान खान के साथ उनकी जोड़ी ने धमाल मचा दिया। इसके बाद वो और भी कई फिल्मों में नजर आए। हालांकि, पुरानी चमक दोबारा नहीं लौटी, लेकिन उनकी पहचान आज भी बॉलीवुड के “एंटरटेनर नंबर वन” के रूप में कायम है।

गोविंदा की कुल नेटवर्थ की बात करें तो, ये 120-130 करोड़ रुपये (लगभग 15 मिलियन डॉलर) के आसपास मानी जाती है। उनकी कमाई फिल्मों, ब्रांड एंडोर्समेंट और रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट से आती है। मुंबई में उनका एक शानदार बंगला है, साथ ही उन्होंने विरार और गोरेगांव में कई प्रॉपर्टी में निवेश किया है।

बहरहाल, जहां फैन्स गोविंदा को बिग स्क्रीन पर देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच, ये खबर भी मिली है कि, कॉमेडी थ्रिलर फिल्म ‘भागम भाग’ के पार्ट 2 से एक्टर का पत्ता कट गया है। उनकी जगह एक्टर मनोज बाजपाई की एंट्री फिल्म के सीक्वेल में हुई है। बता दें कि, ‘भागम भाग’ में अक्षय कुमार के अलावा पिक्चर में गोविंदा और परेश रावल भी थे। तो अब जब फिल्म के पार्ट 2 की चर्चा थी, तो फैन्स को गोविंदा की वापसी की उम्मीद थी। लेकिन अब पता लगा कि उन्हें रिप्लेस कर दिया गया है। ऐसे में, चीं चीं के कुछ चाहने वाले लोग काफी नाराज भी हो गए हैं।

Related Articles

Back to top button