भारत ने छठी बार जीता अंडर -19 विश्व कप का खिताब

सूर्यवंशी ने महज 80 गेंदों में ठोके 175 रन

  • वैभव सूर्यवंशी बने मैन ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
हरारे। वैभव सूर्यवंशी की तूफानी और ऐतिहासिक पारी के दम पर भारत ने आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 का खिताब जीत लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर रिकॉर्ड छठी बार कप अपने नाम किया। भारत की इस बड़ी जीत के नायक रहे 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने महज 80 गेंदों पर विस्फोटक 175 रन ठोककर अंडर-19 स्तर पर अब तक की सबसे यादगार पारियों में से एक खेली। उनकी इस पारी में चौकों-छक्कों की बरसात देखने को मिली और कई रिकॉर्ड टूट गए।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और सेमीफाइनल के हीरो एरॉन जॉर्ज जल्दी आउट हो गए। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शुरुआत में संयम से खेल रहे वैभव सूर्यवंशी ने जेम्स मिंटो के एक ओवर में 18 रन बटोरते ही गियर बदल दिया। दूसरे छोर पर आयुष म्हात्रे (53) ने भी आक्रामक रुख अपनाया। वैभव ने सिर्फ 32 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और फिर इंग्लिश गेंदबाजों पर कहर बनकर टूट पड़े। 20 ओवर के भीतर शतक पूरा करने के बाद सूर्यवंशी रुके नहीं और देखते ही देखते 150 के पार पहुंच गए। अर्धशतक से शतक और फिर डेढ़ सौ—सब कुछ बेहद तेजी से हुआ। 25 ओवर में भारत का स्कोर 250 पहुंच चुका था। हालांकि अगले ओवर में वैभव 175 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन तब तक इंग्लैंड पूरी तरह बैकफुट पर जा चुका था।

सूर्यवंशी की जादुई विस्फोटक बल्लेबाजी को शब्दों में बयां करना मुश्किल है : आयुष

भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने कहा कि अंडर-19 टीम रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर जैसे खिलाडिय़ों की विरासत को आगे बढ़ाना चाहती थी। रोहित ने 2024 में भारत को टी20 विश्वकप दिलाया था जबकि हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने पिछले साल अपना पहला विश्वकप जीता था। म्हात्रे ने कहा, मैं अपनी भावनाओं को शब्दों में बयां नहीं कर सकता, लेकिन यह हमारे लिए एक यादगार रात है। लडक़ों ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपना स्वाभाविक खेल खेला, जिससे मैं बहुत खुश हूं। म्हात्रे ने सूर्यवंशी की शानदार पारी पर कहा कि इस युवा की जादुई विस्फोटक बल्लेबाजी को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने कहा, हमारे पास उनकी पारी के लिए शब्द नहीं हैं। हमें पता था कि वह शानदार बल्लेबाज हैं और उन्होंने इस मैच में दिखा दिया कि वह क्या कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button