बांग्लादेश मुद्दे पर जदयू ने अपनी सरकार को घेरा

- संसद में हिंदुओं को लेकर पूछा तीखा सवाल, सरकार दबाव में
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सांसदों ने केंद्र सरकार से भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय संबंधों को लेकर सवाल किया। जनता दल यूनाइटेड के लोकसभा सांसद गिरिधारी यादव, दिनेश चंद्र यादव और रामप्रीत मंडल ने विदेश मंत्री से पूछा कि क्या भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय संबंध वर्तमान में एक संवेदनशील दौर से गुजर रहे हैं।
अगर हां, तो इसके विवरण क्या है? इसके साथ, क्या पाकिस्तान इस स्थिति का लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है, जो देश के लिए हानिकारक हो सकता है, यदि हां, तो इसके विवरण क्या है? इसके अलावा, क्या सरकार ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक नागरिकों, विशेषकर हिंदुओं की सार्वजनिक हत्याओं की खबरों के संबंध में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के साथ कोई चर्चा की है और अगर हां तो इसके विवरण क्या हैं? सवाल का जवाब देते हुए विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बताया कि भारत और बांग्लादेश, पड़ोसी देशों के रूप में, गहरे ऐतिहासिक, भौगोलिक, सांस्कृतिक, भाषाई और सामाजिक संबंध साझा करते हैं। हमारे द्विपक्षीय संबंध लोगों के विकास पर केंद्रित हैं. दोनों देशों के बीच संस्थागत द्विपक्षीय तंत्र के तहत कई आदान-प्रदान और बैठकें जारी है। एक लोकतांत्रिक, स्थिर, शांतिपूर्ण, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के लिए भारत का समर्थन सभी प्रासंगिक संवादों में अंतरिम सरकार को सूचित किया गया है।



