नीरस और दिशाहीन है तीसरा बजट: जूली

  • नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को घेरा

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में पेश बजट पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भजनलाल सरकार के तीसरे बजट को ‘नीरस, दिशाहीन और जनता को गुमराह करने वाला’ बताया। जूली ने कहा कि जिन घोषणाओं को लागू करने की बात कही जा रही है, उनके लिए बजट में कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना बजट प्रावधान के योजनाएं कैसे लागू होंगी। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि बजट की लगभग 70-75 प्रतिशत घोषणाएं रूटीन प्रकृति की हैं, जिनमें सामाजिक सुरक्षा, पेयजल और अन्य पुरानी योजनाएं शामिल हैं।
जल जीवन मिशन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 14 लाख कनेक्शन देने का दावा किया जा रहा है, जबकि इनमें से 10 लाख से अधिक कनेक्शन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किए गए थे। उनके अनुसार सरकार पुरानी उपलब्धियों को अपना बताकर भ्रम फैला रही है।जूली ने कहा कि पिछली बजट घोषणाओं में से केवल 30 प्रतिशत ही पूरी हुई हैं, जबकि 30 प्रतिशत पर काम शुरू नहीं हुआ है और शेष घोषणाएं अधूरी हैं। उन्होंने रिफाइनरी परियोजना का उदाहरण देते हुए कहा कि अगस्त में इसे शुरू करने का दावा किया गया था, लेकिन फरवरी आने को है और प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। शिक्षा क्षेत्र में जूली ने कहा कि प्रदेश में 41 हजार से अधिक स्कूल जर्जर स्थिति में हैं, जबकि बजट में केवल 2,500 स्कूलों की मरम्मत की बात की गई है। स्वास्थ्य क्षेत्र में उन्होंने कहा कि चिरंजीवी योजना का भुगतान रुका हुआ है, जिसके कारण कई अस्पताल योजना से बाहर हो गए हैं।

राज्य की आर्थिक स्थिति चिंताजनक

आर्थिक स्थिति को लेकर उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान को कर्ज में डुबो दिया गया है। उन्होंने बताया कि एफआरबीएम सीमा 37 प्रतिशत है और कर्ज 36.8 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। जूली ने आरोप लगाया कि पिछले तीन बजटों में जितना कर्ज लिया गया, उतना 50 वर्षों में भी नहीं लिया गया था।

Related Articles

Back to top button