Rajpal Yadav के भाई ने किया शॉकिंग दावा, कर्ज में डूबे एक्टर को अब तक नहीं मिला कोई पैसा। चौंके लोग
बॉलीवुड के जाने-माने कॉमेडी एक्टर राजपाल यादव इस वक़्त क़ानूनी पचड़े में फंसे हुए हैं। चेक बाउंस मामले के चलते दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें हाल ही में सरेंडर करने का आदेश दिया था।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बॉलीवुड के जाने-माने कॉमेडी एक्टर राजपाल यादव इस वक़्त क़ानूनी पचड़े में फंसे हुए हैं।
चेक बाउंस मामले के चलते दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें हाल ही में सरेंडर करने का आदेश दिया था। जिसके बाद, एक्टर ने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर भी दिया। यूं तो, राजपाल से जुड़ा ये मामला 16 साल पुराना है लेकिन, अदालत ने अब इसमें कड़ा एक्शन लिया है। अब, राजपाल यादव तो सलाखों के पीछे बंद हैं। लेकिन, जेल में जाने से पहले उन्होंने अधिकारीयों से इतना जरूर कहा था कि, ”उनके पास पैसे नहीं है और मदद के लिए बॉलीवुड में कोई भी नहीं है।”
इसके बाद, एक्टर सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर ऑफिशियली ये एलान किया था कि, वो ना सिर्फ राजपाल मदद करेंगे, बल्कि उन्हें फिल्म में भी काम देंगे। सोनू ने ये मुहीम शुरू की..तो, इसमें और बॉलीवुड सितारे भी जुड़ने लगे। सलमान खान, अजय देवगन, मीका सिंह का नाम इसमें सामने आया है। इनके अलावा, जाने-माने पॉलिटिशियन तेज प्रताप यादव ने भी 11 लाख की मदद एक्टर को दी है।
जहां सोशल मीडिया पर इन सभी सेलेब्स ने सामने आकर राजपाल की मदद करने को कहा है, तो वहीं उनके बड़े भाई श्रीपाल यादव का कहना है कि ”उन्हें अब तक कोई पैसे मिले ही नहीं है।”
राजपाल यादव के भाई ने ये शॉकिंग खुलासा कर सभी को हैरान कर दिया है। आखिर, एक तरफ जहां फैन्स ने इस बात से राहत की सांस ली थी कि राजपाल यादव के मुश्किल भरे समय में बॉलीवुड उनके साथ खड़ा है। सितारे कर्ज चुकाने में उनकी मदद कर रहे हैं..और, उम्मीद है कि, राजपाल इससे जल्द ही जेल से बाहर भी आ जाएंगे।
लेकिन, अब एक्टर के भाई श्रीपाल यादव ने भरे जमाने में ये बात कह दी है कि, ‘अभी तक कोई मदद उन्हें नहीं मिली है।’
दरअसल, श्रीपाल यादव ने एक मीडिया हाउस से हुई बातचीत में कहा अगर लोगों ने मदद की है तो बताएं पैसा कहां दिया गया? जो व्यक्ति राजपाल का अकाउंट संभालते हैं, उन्होंने भी किसी आर्थिक सहायता के आने की पुष्टि नहीं की है। अगर किसी ने मदद की है, तो पैसा कहां दिया गया? किसे दिया गया? इसकी जानकारी परिवार को क्यों नहीं है? अगर सच में किसी ने सहायता की है तो परिवार उनका आभारी रहेगा, केवल सोशल मीडिया पर बयानबाजी हो रही है, और अगर ऐसा है तो यह गलत है।
अब, श्रीपाल के इस बयान ने एक अलग बहस छेड़ दी है। बात, राजपाल यादव की करें तो, फिलहाल तो एक्टर एक आम कैदी की तरह तिहाड़ की जेल ‘नंबर 2’ में हैं। सोर्सेज के मुताबिक, राजपाल यादव को तिहाड़ के अंदर कोई VIP ट्रीटमेंट नहीं दिया जा रहा है। ये वहीं जेल नंबर 2 है और उस बैरक में हैं, जहां कभी छोटा राजन और नीरज बवाना जैसे गैंगस्टर्स को रखा गया था।
तिहाड़ एशिया की सबसे बड़ी जेलों में गिनी जाती है और यहां कैदियों के लिए तय नियम बेहद सख्त होते हैं। किसी भी बंदी की तरह राजपाल यादव को भी जेल मैनुअल के अनुसार ही रहना पड़ रहा है। जेल में उन्हें आम कैदी की तरह ज़िंदगी जीनी पड़ रही है। सुबह तय समय पर उठना, हाजिरी, साफ-सफाई और रूटीन का पालन, इन सब में कोई ढील नहीं दी जाती।
एक नामी एक्टर का इस तरह जेल में होना उनके फैंस के लिए चौंकाने वाला जरूर है, लेकिन तिहाड़ में नियम सबके लिए समान माने जाते हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि कानूनी मोर्चे पर आगे क्या होता है और कब तक उन्हें राहत मिल पाती है..?
राजपाल से जुड़े इस मामले की बात करें तो, एक्टर की कानूनी परेशानी 2010 में शुरू हुई, जब राजपाल यादव ने अपनी पहली डायरेक्टेड फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये उधार लिए। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ। समय के साथ, ब्याज, जुर्माना और विलंबित भुगतानों के कारण बकाया राशि बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये हो गई।
बकाया चुकाने के लिए राजपाल यादव ने कई चेक जारी किए। हालांकि, ये चेक बाउंस हो गए, जिसके कारण कार्यवाही शुरू हो गई। 2 फरवरी, 2026 को दिल्ली उच्च न्यायालय ने राजपाल यादव को 4 फरवरी को शाम 4 बजे तक जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया। तभी से वो जेल की सजा काट रहे हैं।



