ICC T20 World Cup 2026: भारत-पाक महामुकाबले से पहले बड़ा ऐलान, अभिषेक शर्मा खेलेंगे

टीम इंडिया के ओपनर अभिषेक शर्मा पिछले कुछ दिनों से बीमार थे. अमेरिका के खिलाफ मैच के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी,

4पीएम न्यूज नेटवर्क: टीम इंडिया के ओपनर अभिषेक शर्मा पिछले कुछ दिनों से बीमार थे. अमेरिका के खिलाफ मैच के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में एडमिट भी होना पड़ा था और वो नामीबिया के खिलाफ नहीं खेल पाए थे.

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में 24 घंटे ही बचे हैं. ऐसे में इस मैच को लेकर उत्सुकता और धड़कनें बढ़ने लगी हैं. दोनों टीम किस प्लेइंग-11 के साथ उतरेंगे, इस सवाल का जवाब जानने की बेताबी भी है. खास तौर पर टीम इंडिया के स्टोर ओपनर अभिषेक शर्मा इस चर्चा के केंद्र में हैं. क्या वो फिट होकर खेलने के लिए तैयार हैं? क्या टीम इंडिया उन्हें मैदान पर उतारेगी? मैच से एक दिन पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने तो यही ख्वाहिश जताई कि अभिषेक खेलें, जिसके बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनकी इच्छा पूरी करते हुए अभिषेक के खेलने का ऐलान कर दिया.

कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में मैच से एक दिन पहले शनिवार 14 फरवरी को भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिषेक शर्मा के खेलने पर बने सस्पेंस को खत्म किया. मगर यहां तक पहुंचने से पहले पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी ये सवाल उठा था. उनसे जब पूछा गया कि क्या अभिषेक शर्मा के न खेलने से पाकिस्तानी टीम को फायदा होगा तो आगा ने कहा, “हम सब जानते हैं कि अभिषेक कितना अच्छा खिलाड़ी है. मैं चाहूंगा कि वो कल का मैच खेलें क्योंकि हम बेस्ट खिलाड़ियों के खिलाफ खेलना चाहते हैं. मैं उम्मीद करता हूं कि वो ठीक हो जाए और खेल सके.”

इसके कुछ देर बाद ही भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव भी मीडिया के सामने आए. उनसे अभिषेक के खेलने पर और पाकिस्तानी कप्तान के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो भारतीय कप्तान ने एक ही बयान से दोनों जवाब दे दिए. सूर्यकुमार यादव ने कहा, “अगर पाकिस्तानी कप्तान चाहते हैं कि अभिषेक शर्मा खेले, तो वो जरूर खेलेंगे.” बस इतना कहते ही भारतीय कप्तान मुस्कुराने लगे.

Related Articles

Back to top button