टी20 में भारत ने पाक पर लगाया जीत का छक्का
पाकिस्तान 18 ओवर में 114 रन पर आलआउट

- कोलंबो में भारतीय टीम ने 61 रन से रौंदा, ईशान किशन का तूफानी अर्धशतक
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कोलंबो। भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। टी20 विश्व कप का रोमांचक मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। टॉस जीतकर पाकिस्तान ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। ईशान किशन की तूफानी अर्धशतकीय पारी (77) की मदद से टीम इंडिया ने 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 10 विकेट पर 114 रन ही बना पाई। मौजूदा टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार तीसरी जीत है। वहीं, इस जीत के साथ सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली टीम ग्रूप ए की अंक तालिका में शीर्ष पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंच गई।
भारत की ओर से तिलक वर्मा (25), शिवम दुबे (27) और कप्तान सूर्या कुमार यादव ने 32 रन का अहम योगदान दिया। वहीं रिंकू सिंह की चार गेंद पर 11 रन की पारी ने भारत के स्कोर को 175 तक पहुंचाया। वहीं 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत झटके के साथ हुई। शुरुआती दो ओवरों में ही उनके तीन विकेट गिर गए। पहले ओवर में हार्दिक पांड्या ने साहिबजादा फरहान को रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद पारी का दूसरा ओवर फेंकने आए बुमराह ने सईम अयूब (6) और कप्तान सलमान अली आगा (4) को पवेलियन की राह दिखाई। पाकिस्तान के लिए इस मैच में उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रनों की पारी खेली जबकि सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। भारत के लिए हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने एक-एक सफलता हासिल की।
सूर्यकुमार यादव ने फिर नहीं मिलाया पाक कप्तान से हाथ
भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच में नो हैंडशेक नीति बरकरार रखी है। भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के दौरान पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाए। भारत ने पिछले साल एशिया कप से ही चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ यह नीति रखी है जिसे विश्वकप में भी जारी रखा है। इस बात को लेकर काफी चर्चा थी कि भारतीय टीम का रुख क्या होगा। भारतीय कप्तान ने टॉस के दौरान सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाए। यह तय माना जा रहा था कि भारत नो हैंडशेक की नीति जारी रखेगा और उम्मीद के अनुरूप सलमान को नजरअंदाज किया। भारत ने एक बार फिर अपनी नीति स्पष्ट रखी है कि वो सिर्फ पाकिस्तान के खिलाफ आईसीसी टूर्नामेंट का मुकाबला खेलेगा।



