सस्ती लोकप्रियता के लिए किया गया साजिशन केस: राहुल गांधी

- शाह पर टिप्पणी का मामला: अब 9 मार्च को होगी अगली सुनवाई
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
सुल्तानपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को सुल्तानपुर में एमपी-एमएलए कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को बेगुनाह बताया। नेता प्रतिपक्ष ने करीब 27 मिनट तक वह जज के समक्ष अपनी सफाई पेश की। उन्होंने कहा कि सस्ती लोकप्रियता के लिए मुझ पर साजिशन केस किया गया है। इस संबंध में शीघ्र प्रमाण कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत करूंगा।
बता दें कि इसके पूर्व की सुनवाई में राहुल गांधी अदालत में उपस्थित नहीं हुए थे। उनके अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ल ने उन्हें केरल में होने का प्रार्थना पत्र देकर समय मांगा था। कोर्ट ने मामले में सफाई साक्ष्य पेश करने के लिए अगली तारीख 9 मार्च निर्धारित की है। करीब आधे घंटे तक कोर्ट कक्ष का दरवाजा बंद करके मानहानि मामले में धारा 313 के तहत बयान दर्ज करने की प्रक्रिया चली। इस दौरान अदालत परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। भीड़ को नियंत्रित करने में सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। दरअसल, कर्नाटक में एक प्रेसवार्ता के दौरान राहुल द्वारा केंद्रीय मंत्री अमित शाह पर अपमानजनक टिप्पणी का आरोप है। इसे लेकर जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा नेता विजय मिश्र ने राहुल के विरुद्ध दीवानी में मानहानि का परिवाद दायर किया था। इस मामले में राहुल 26 जुलाई 2024 को पेश हुए थे। उसके बाद से वह सुनवाई की तिथि के दिन अनुपस्थित होते रहे। 19 जनवरी को जब वह हाजिर नहीं हुए तो अदालत ने उन्हें 20 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया था।
एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए नेता प्रतिपक्ष
इससे पहले वह लखनऊ एयरपोर्ट से सडक़ मार्ग से सुल्तानपुर पहुंचे। वहां एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए। उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए कोर्ट ने आज आखिरी मौका दिया था। इस दौरान दीवानी न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। इससे पहले डॉग स्क्वायड ने परिसर की तलाशी ली। सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए एक एएसपी व चार सीओ समेत भारी पुलिस बल को तैनात हैं।
लौटते समय मोची की दुकान पर रुके राहुल, रामचेत की मौत पर व्यक्त किया दुख
यूपी के सुल्तानपुर में कोर्ट में बयान दर्ज कराकर लौटते समय राहुल गांधी अयोध्या-प्रयागराज हाईवे के गुप्तारगंज स्थित रामचेत मोची की दुकान पर रुके। उन्होंने रामचेत के परिवार से बात की। उनके बेटे से परिवार का हाल जाना। इसके बाद लखनऊ के लिए निकल गए। राहुल गांधी ने विधायक नगर चौराहा स्थित रामचेत मोची के बेटे राघव दुकान पर थे। राहुल गांधी करीब सात मिनट उनकी दुकान पर रुके। रामचेत की मौत पर श्रंद्धाजलि अर्पित की। बेटे राघव से कहा कि वह रामचेत की मृत्यु पर नहीं आ पाए। राघव की बिटिया श्रद्धा को अपनी गोदी में उठाया। उसे चाकलेट दी और दुलार किया। राघव को आश्वासन दिया कि जब भी जरूरत पड़ेगी वह उनकी मदद के लिए खड़े हैं।

मोदी सरकार की कूटनीति विफल हो रही : जयराम
- शहबाज शरीफ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मुलाकात पर पीएम को कांग्रेस ने घेरा
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। एआई इम्पैक्ट समिट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर परोक्ष रूप से हमला करते हुए कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने शुक्रवार को कहा कि स्वघोषित विश्वगुरु दुनिया को संक्षिप्त शब्दों के माध्यम से ज्ञान देने में व्यस्त हैं। एक्स पर एक पोस्ट में वाशिंगटन डीसी में बोर्ड ऑफ पीस कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए, रमेश ने कहा कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच संबंध पहले की तरह ही मजबूत हैं। रमेश ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान को 22 अप्रैल, 2025 के पहलगाम आतंकी हमले की साजिश रचने के लिए वैश्विक मंच पर कोई कीमत नहीं चुकानी पड़ी है, और इसे मोदी सरकार की कूटनीति पर एक निराशाजनक टिप्पणी बताया, जिसे किसी भी तरह की तोड़-मरोड़ से मिटाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि वाशिंगटन में हाल के घटनाक्रमों से यह स्पष्ट है।
रमेश ने कहा कि जब यह सब हो रहा था, तब प्रधानमंत्री नारों और संक्षिप्त शब्दों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छवि मजबूत करने और कॉरपोरेट जगत के नेताओं को उनके साथ एकजुटता दिखाने के लिए मजबूर करने में व्यस्त थे। एक्स पोस्ट में कहा गया कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच का रोमांस बेरोकटोक जारी है। कल वाशिंगटन डीसी में एक बार फिर इसका प्रदर्शन देखने को मिला। यह मोदी शासन है, जो भारत को नुकसान पहुंचाने वाला अधिकतम दिखावा है।
यूपी विस में महंगाई को लेकर जोरदार हंगामा
- विपक्ष ने बेरोजगारी, पलायन पर भी योगी सरकार को घेरा
- बोतल महंगी की बात पर एक-दूसरे पर कसा तंज
- चली-चला की बेला है : माता प्रसाद पांडेय
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। यूपी विधानसभा में हंगामा जारी है। विपक्ष का भाजपा सरकार पर वार और तीखा हो गया है। महंगाई को लेकर सदन में जोरदार वा-पलटवार हुआ। बोतल महंगी की बात पर एक-दूसरे पर तंज कसे गए।
विपक्ष ने यूपी से पलायन की बात उठाई तो जवाब में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि पलायन शब्द अब यूपी से बाहर हो गया है। आज दुनियाभर में सबसे ज्यादा डिमांड यूपी के कामगारों की है। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सरकार पर तंज कसा कि इस बार चली-चला की बेला है।
हम केवल केंद्र सरकार को रिपोर्ट दे सकते हैं: मंत्री
मंत्री ने कहा कि हम केवल केंद्र सरकार को रिपोर्ट दे सकते हैं। नौ वर्षों में सरकार ने एक भी टैक्स नहीं लगाया। बोतल की बात पर तंज कसते हुए कहा कि इन लोगों को बोतल की बड़ी चिंता है। बोतल के दाम तो बढ़ गए हैं। इसका सपा ने विरोध किया। इस पर कुछ देर के लिए हंगामा हुआ। खाद के दाम प्रदेश सरकार नहीं कम कर सकती। वह केंद्र सरकार ही कर सकती है।?
रोजगार मेलों की सपा ने खोली पोल
सपा विधायक संग्राम सिंह ने बेरोजगारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार द्वारा लगाए जा रहे रोजगार मेलों की पोल खोलते हुए आंकड़े पेश किए। उन्होंने कहा कि आजमगढ़, देवरिया और गोरखपुर समेत अन्य जिलों से युवा नौकरी को दूसरे राज्यों को गए। यदि रोजगार दिया जा रहा है तो युवा बाहर क्यों जा रहे हैं? सरकार पलायन रोकने के लिए क्या कर रही है?
किसान परेशान, बिचौलिया मालामाल : आरके वर्मा
सपा विधायक आरके वर्मा ने महंगाई पर सवाल पूछा। उन्होंने कविता से सरकार पर निशाना साधा। तेल की बोतल पूछ रही है ये, पहले तुम ही खरीदते तो मुझे…आज क्यों सोच रहे हो। उन्होंने कहा कि आलू किसान परेशान हैं। बिचौलिया मालमाल हैं। इसके जवाब में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि निविदा में कार्य अवधि निर्धारित होती है। कंपनियां बदल सकती हैं, लेकिन कर्मी नहीं बदले जाते हैं। ये आदेश 2009, 2016 के हैं। हमने इसमें कोई निर्णय नहीं लिया है।
बाबरी मस्जिद न बनने की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट का सुनवाई से इनकार
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने आज उस याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया जिसमें बाबर के नाम पर कोई भी मस्जिद नहीं बनाने देने की मांग की गई थी। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने इस याचिका को खारिज कर दिया।
याचिककर्ता के वकील ने तर्क दिया कि बाबर के नाम पर देश में किसी भी मस्जिद का निर्माण नहीं होना चाहिए, याचिकाकर्ता के वकील ने बाबर को आक्रांता बताया है। कोर्ट में दलील दी गई कि बाबर ने हिंदुओं को गुलाम कहा था, याचिका में मांग की गई है कि ऐसे लोगों के खिलाफ तो कार्रवाई की जानी चाहिए।
सेंगर के भाई को नहीं मिली जमानत
- उन्नाव रेप पीडि़ता के पिता की हिरासत में मौत के केस में हाईकोर्ट का फैसला
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्नाव रेप पीडि़ता के पिता की हिरासत में मौत मामले में दोषी जयदीप सिंह सेंगर को राहत देने से साफ इनकार कर दिया है। कोर्ट ने जयदीप की चिकित्सा आधार पर अंतरिम जमानत बढ़ाने की याचिका को खारिज करते हुए उसे सरेंडर करने का आदेश दिया है। दिल्ली हाई कोर्ट ने सख्त निर्देश देते हुए जयदीप सेंगर को कल तक जेल में आत्मसमर्पण करने को कहा है। जयदीप सिंह सेंगर, पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर का भाई है और इस चर्चित मामले में सजा काट रहा है।
जयदीप सेंगर ने अदालत में याचिका दायर कर अंतरिम जमानत बढ़ाने की मांग की थी। याचिका में जयदीप ने दावा किया है कि वह मुंह के एडवांस्ड स्टेज कैंसर से पीडित है। याचिका में कहा गया है कि कैंसर के दोबारा उभरने के लक्षण दिख रहे हैं, जिसके लिए उसे तत्काल चिकित्सा उपचार की आवश्यकता है। हालांकि हाई कोर्ट ने अभी तत्काल राहत नहीं दी है, लेकिन चिकित्सा आधार पर दी गई मुख्य अंतरिम जमानत याचिका पर 24 फरवरी को दोबारा सुनवाई करने का निर्णय लिया है।
असम चुनाव की प्रियंका गांधी ने सभांली कमान
- फरवरी केअंत तक जारी करेंगी प्रत्याशियों की पहली सूची
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी रणनीति तेज कर दी है, जिसके तहत फरवरी के अंत तक उम्मीदवारों की पहली सूची और मार्च की शुरुआत तक कुल 80 सीटों पर नाम घोषित किए जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई की यह घोषणा प्रियंका गांधी वाड्रा के दौरे के बीच हुई है, जो टिकट वितरण प्रक्रिया की निगरानी कर रही हैं। कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनावों के लिए आंतरिक समयसीमा तय कर ली है।
मार्च-अप्रैल में चुनाव होने की उम्मीद है, और पार्टी की राज्य इकाई का कहना है कि उम्मीदवारों की पहली सूची फरवरी के अंत तक जारी कर दी जाएगी, जिसके बाद मार्च की शुरुआत तक लगभग 80 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाएंगे। असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने समयसीमा का ब्यौरा दिया। उनकी यह घोषणा कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के संभावित उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग के लिए राज्य के दो दिवसीय दौरे से ठीक पहले आई है। गोगोई ने कहा कि हमारा लक्ष्य स्क्रीनिंग प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करना है। केंद्रीय नेतृत्व ने हमें निर्देश दिया है कि पहली सूची इस महीने के अंत तक जारी कर दी जाए। उन्होंने आगे बताया कि मार्च के पहले सप्ताह तक लगभग 80 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए जाएंगे और घोषित कर दिए जाएंगे, जिनमें पहली सूची में शामिल उम्मीदवार भी होंगे। 126 सदस्यीय विधानसभा चुनाव की तैयारियों में तेजी लाते हुए, कांग्रेस मार्च की शुरुआत तक कुल 80 उम्मीदवारों के नाम घोषित करने की योजना बना रही है।
व्यक्तिगत रूप से लोगों से मिलकर सुझाव लेंगी सांसद
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के राजनीतिक अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से लोगों से मिलकर सुझाव लेंगी और टिकटों का प्रभावी वितरण सुनिश्चित करेंगी। आज सुबह शहर पहुंची कांग्रेस सांसद ने टिकट वितरण प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चयन समिति के सदस्य राज्य के हर जिले का दौरा कर रहे हैं। गांधी ने पत्रकारों से कहा कि मैं सभी से मिल रही हूं और उनके सुझाव और प्रतिक्रिया ले रही हूं। हम दो दिनों तक यही करेंगे, कोशिश करेंगे कि ज्यादा से ज्यादा लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिल सकें।



