अधिक वनडे खेलने पर विचार कर रहा बीसीसीआई

- कई देशों के क्रिकेट बोर्डने भारत के सामनेरखा प्रस्ताव
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। भारत का 2026 में अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम बेहद व्यस्त है। बीसीसीआई इसे और व्यस्त बनाने पर विचार कर रहा है। वनडे विश्वकप 2027 से पहले भारतीय टीम के वनडे मैचों की संख्या बढ़ सकती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक कई क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई से पूर्व निर्धारित वनडे दौरों में मैचों की संख्या बढ़ाने का अनुरोध किया है। अनुरोध करने वाले बोर्ड में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, आयरलैंड और श्रीलंका शामिल हैं। अतिरिक्त वनडे मैच से इन क्रिकेट बोर्डों को आर्थिक फायदा होगा। वनडे मैचों की संख्या बढ़ाने का अनुरोध करने की वजह रोहित शर्मा और विराट कोहली भी हैं। दोनों ही दिग्गज सिर्फ वनडे प्रारूप में ही खेलते हैं।
अगर वनडे मैच ज्यादा होंगे तो रोहित और विराट को ज्यादा खेलने का मौका मिलेगा और इसका फायदा इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, आयरलैंड और श्रीलंका जैसे क्रिकेट बोर्ड को होगा। रोहित और विराट की वजह से दर्शकों की क्षमता में वृद्धि होनी है। आईपीएल 2026 के बाद भारत को तीन वनडे मैचों की सीरीज अफगानिस्तान से खेलनी है। इसके बाद तीन वनडे इंग्लैंड से खेलेगी। जिसकी संख्या बढ़ सकती हैै। अगस्त में श्रीलंका बीसीसीआई के साथ सीमित ओवर के मुकाबले जोडऩे के लिए बातचीत कर रहा है। बांग्लादेश और यूएई में अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज को लेकर अनिश्चितता के कारण, भारत इस दौरान अतिरिक्त मैच चाह सकता है। आयरलैंड सीरीज के मैच भी फिलहाल तय नहीं हैं।
आईपीएल से पहले केकेआर को झटका, हर्षित राणा का खेलना संदिग्ध
नई दिल्ली। तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल 2026 से पहले झटका लग सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा अभी फिट नहीं हो सके हैं जिस कारण उनका टूर्नामेंट में खेलना संदिग्ध है। बताया जा रहा है कि हर्षित आईपीएल से बाहर हो गए हैं, लेकिन अब तक इसे लेकर फ्रेंचाइजी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हर्षित को टी20 विश्वकप में अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान चोट लगी थी। उन्होंने उस मैच में एक ओवर डाला था, लेकिन दर्द के कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था। हलांकि केकेआर ने शुक्रवार कोजिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी के साथ करार करने की पुष्टि की है। अब आईपीएल में खेलने के कारण मुजरबानी पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामाबाद युनाइटेड के लिए नहीं खेल सकेंगे। मुजरबानी हाल ही में संपन्न हुए टी20 विश्वकप में जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने छह मैचों में 13 विकेट झटके थे।



