बांदा में धड़ल्ले से चल रही थी अवैध गुटखा फैक्ट्री, पुलिस छापे में खुला बड़ा राज
बांदा के कोतवाली नगर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। छापेमारी में भारी मात्रा में गुटखा, सुपारी, रैपर और मशीनें बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

4pm न्यूज नेटवर्क: बांदा जिले में पुलिस ने अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। शहर के बीचों-बीच चल रही इस फैक्ट्री में लंबे समय से चोरी-छिपे गुटखा तैयार किया जा रहा था। पुलिस की छापेमारी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सुतरखाने मोहल्ले में चल रही थी अवैध फैक्ट्री
यह कार्रवाई बांदा के कोतवाली नगर क्षेत्र के सुतरखाने मोहल्ले में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां एक मकान के अंदर अवैध तरीके से गुटखा बनाने का काम किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा तो अंदर गुटखा बनाने की पूरी व्यवस्था मिली। यहां बड़ी मात्रा में तैयार गुटखा, सुपारी के बोरे, पैकिंग के रैपर और मशीनें बरामद की गईं।
दो आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि यह फैक्ट्री काफी समय से अवैध रूप से चल रही थी। इससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा था।
और लोगों की तलाश में पुलिस
पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। आशंका है कि इस कारोबार से जुड़े और लोग भी हो सकते हैं। पुलिस जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी कर सकती है। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट-इकबाल खान
यह भी पढ़ें: उन्नाव में तेज रफ्तार का कहर! स्कॉर्पियो ने दो बाइकों को रौंदा, दो की मौके पर मौत



