ट्रंप का बड़ा बयान, कहा- ईरान पर अमेरिका सख्त! समझौते तक सैन्य ताकत नहीं हटेगी

डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक पोस्ट करते हुए साफ शब्दों में कहा है कि अमेरिका अपने सैन्य संसाधनों को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।

4pm न्यूज नेटवर्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर अपने सख्त तेवर दिखाए हैं। डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक पोस्ट करते हुए साफ शब्दों में कहा है कि अमेरिका अपने सैन्य संसाधनों को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।

ट्रम्प के मुताबिक, अमेरिका के सभी जहाज, लड़ाकू विमान और सैनिक—साथ ही अतिरिक्त गोला-बारूद और हथियार—ईरान के अंदर और उसके आस-पास तब तक तैनात रहेंगे, जब तक कि एक “वास्तविक और पूर्ण समझौता” लागू नहीं हो जाता। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर किसी भी कारण से यह समझौता नहीं हो पाया, तो हालात बेहद गंभीर हो सकते हैं। ट्रम्प ने कहा—“गोलीबारी शुरू हो जाएगी, जैसी दुनिया ने पहले कभी नहीं देखी होगी।”

अपने बयान में ट्रम्प ने यह भी दावा किया कि अमेरिका की ताकत पहले से कहीं ज्यादा बड़ी, बेहतर और अधिक शक्तिशाली है। उन्होंने कहा कि यह रणनीति पहले ही तय की जा चुकी थी और इसके विपरीत जो भी बातें कही जा रही हैं, वे पूरी तरह से झूठी हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद कोई भी परमाणु हथियार इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने भरोसा दिलाया कि होर्मुज़ स्ट्रेट खुला और सुरक्षित बना रहेगा, जो वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।

ट्रम्प ने अपनी सेना की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिकी सेना इस समय गोला-बारूद इकट्ठा कर रही है और आराम की स्थिति में है, लेकिन यह केवल अगली बड़ी जीत के इंतजार की तैयारी है। अपने संदेश के अंत में ट्रम्प ने जोर देते हुए लिखा—“AMERICA IS BACK!”फिलहाल, ट्रम्प के इस बयान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल तेज कर दी है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ सकता है।

Related Articles

Back to top button