भागवत कथा के बाद कथावाचक के साथ हैवानियत? उन्नाव में सनसनीखेज आरोप
उन्नाव के सोहरामऊ क्षेत्र में भागवत कथा के बाद कथावाचक ने आयोजकों पर मारपीट और अपमान का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानिए पूरा मामला।

4pm न्यूज नेटवर्क: उन्नाव से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। एक कथावाचक ने आरोप लगाया है कि धार्मिक कार्यक्रम खत्म होने के बाद उनके साथ न सिर्फ मारपीट की गई, बल्कि उन्हें अपमानित भी किया गया। यह घटना अब पुलिस तक पहुंच चुकी है और मामले की जांच शुरू हो गई है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला सोहरामऊ थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव का बताया जा रहा है। पीड़ित कथावाचक अवधेश चंद्र गांव में भागवत कथा करने पहुंचे थे। उनका कहना है कि कथा समाप्त होने के बाद आयोजकों ने उनसे उनकी बिरादरी के बारे में पूछा। इसके बाद माहौल अचानक बदल गया और उनके साथ बदसलूकी शुरू हो गई। कथावाचक के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें जबरन वहां से ले जाया गया।
लखनऊ ले जाकर मारपीट और अपमान का आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उन्हें गाड़ी में बैठाकर लखनऊ ले जाया गया, जहां उनके साथ फिर से मारपीट की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस दौरान उनका जनेऊ तोड़ दिया गया और उनके साथ बेहद अपमानजनक व्यवहार करते हुए उन्हें पेशाब पिलाया गया। ये आरोप बेहद गंभीर हैं और अगर जांच में सही पाए जाते हैं, तो यह मामला कानून की नजर में एक बड़ा अपराध बन सकता है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद कथावाचक ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सोहरामऊ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस केस में रसूलपुर गांव के अनूप द्विवेदी और मनीष पांडेय को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में चर्चा और आक्रोश
घटना सामने आने के बाद गांव और आसपास के इलाकों में इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोग इस घटना को लेकर हैरान हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस तरह की घटना ने समाज में कई संवेदनशील सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई
यह भी पढ़ें: मिर्ज़ापुर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार ने 4 साल के मासूम को कुचला, चालक फरार



