मिर्ज़ापुर में धंसी सड़क ने खोली ‘विकास’ की पोल, कचहरी रोड पर गड्ढा बना खतरा
मिर्ज़ापुर के कचहरी रोड पर अचानक सड़क धंसने से हड़कंप मच गया। गेट नंबर 2 के सामने बने गड्ढे से लोगों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है। अस्थायी इंतजाम किए गए हैं, लेकिन सड़क और चुनार पुल की हालत ने विकास के दावों पर सवाल खड़े कर

4pm न्यूज नेटवर्क: मिर्ज़ापुर शहर में विकास के दावों के बीच हकीकत कुछ और ही तस्वीर दिखा रही है। गुरुवार को कचहरी रोड पर अचानक सड़क धंसने की घटना ने न सिर्फ लोगों को चौंकाया, बल्कि शहर की सड़कों की हालत पर बड़े सवाल भी खड़े कर दिए। यह सड़क शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक मानी जाती है, जहां आम लोगों से लेकर अधिकारी और न्यायिक कर्मी तक रोजाना गुजरते हैं।
कचहरी गेट के सामने धंसी सड़क, लोगों में दहशत
घटना कचहरी के गेट नंबर 2 के सामने की है, जहां अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया। सड़क में बने इस गड्ढे के कारण वहां से गुजरने वाले लोगों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो यह गड्ढा किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है।
आनन-फानन में किया गया अस्थायी इंतजाम
सड़क धंसने के बाद संबंधित विभाग ने मौके पर पत्थर के बोल्डर और डंडे लगाकर जगह को घेर दिया, ताकि लोग वहां से बचकर निकल सकें। हालांकि यह सिर्फ अस्थायी समाधान है। लोगों का कहना है कि स्थायी मरम्मत के बिना खतरा बना रहेगा।
‘विकास’ के दावों पर उठे सवाल
इस घटना के बाद शहर में हो रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। लोग कह रहे हैं कि अगर मुख्य मार्गों की यह हालत है, तो बाकी इलाकों का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सिर्फ दिखावे के लिए काम हो रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति कमजोर है।
चुनार पुल की हालत भी चिंताजनक
इसी बीच चुनार नगर के बालू घाट पक्का पुल की हालत भी खराब बताई जा रही है। पुल के कई हिस्से टूट चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। यह पुल भी रोजाना हजारों लोगों के आवागमन का मुख्य रास्ता है, ऐसे में इसकी खराब हालत किसी बड़े खतरे की ओर इशारा कर रही है।
रिपोर्ट- संतोष देव गिरी
यह भी पढ़ें: बांदा में खनन माफिया का खेल? किसानों की जमीन पर जबरन रास्ता बनाने का आरोप



