पंजाब और बंगाल में छापा, विपक्ष ने खोया आपा

बंगाल में चुनाव से पहले आईटी व पंजाब में ईडी की रेड, टीएमसी और आप ने भाजपा पर किया प्रहार, बोले विपक्षी नेता- सिर्फ राजनीतिक रेड डालती है मोदी सरकार

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। पंजाब से लेकर बंगाल तक हुए ताबड़तोड़ छापों से सियासत ने अपना आपा खो दिया है। विपक्ष ने भाजपा की सरकार पर तीखा हमले करते हुए इसे पूरी तरह राजनैतीक बताया। आप व टीएमसी ने कहा कि वह सरकार की तानाशाही से झुकेंगे नहीं। बता दें प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को पंजाब के मंत्री और विधायक संजीव अरोड़ा, उनके सहयोगियों और कारोबारी साझेदारों से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी ली। यह तलाशी कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की चल रही जाँच के तहत की गई।
अधिकारियों के अनुसार, विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम के प्रावधानों के तहत गुरुग्राम, चंडीगढ़, लुधियाना और जालंधर में 13 जगहों पर छापे मारे गए। तलाशी में अरोड़ा, उनके बेटे काव्य अरोड़ा, और साथ ही कारोबारी सहयोगी हेमंत सूद और चंद्रशेखर अग्रवाल के आवास और कार्यालय शामिल थे। रितेश प्रॉपर्टीज एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के नाम से जाना जाता था। यह कंपनी पंजाब में बड़े पैमाने पर रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में शामिल है। उनके बेटे वर्तमान में कंपनी के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।ईडी कंपनी के खिलाफ लगे आरोपों की जाँच कर रही है। इन आरोपों में ज़मीन के इस्तेमाल में अवैध बदलाव, शेयरों की कीमतों में हेरफेर करने के लिए बिक्री की बुकिंग को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाना और धोखाधड़ी करना, संदिग्ध इनसाइडर ट्रेडिंग, और यूएई से पैसों की राउंड ट्रिपिंग (पैसों को घुमाकर वापस लाना) शामिल हैं। जाँचकर्ता उन दावों की भी जाँच कर रहे हैं कि अवैध सट्टेबाजी के संचालन से जुड़े पैसों सहित बेहिसाब पैसे को भारत में वापस लाया गया और रियल एस्टेट में निवेश किया गया।

सहयोगियों पर भी कसा शिकंजा

ईडी की रडार पर संजीव अरोड़ा के अलावा दो और बड़े नाम हैं। हेमंत सूद-फाइंडोक फिनवेस्ट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक हेमंत सूद पर आरोप है कि उन्होंने संदिग्ध इनसाइडर ट्रेडिंग और मनी लॉन्ड्रिंग के लिए वित्तीय लेन-देन में मदद की। चंद्रशेखर अग्रवाल: जालंधर के इस कारोबारी की जाँच हवाला नेटवर्क और अवैध सट्टेबाजी संचालनों से उनके कथित संबंधों को लेकर की जा रही है।

हवाला और शेल कंपनियों का नेटवर्क

जाँच एजेंसियों को संदेह है कि एक सोचे-समझे नेटवर्क के जरिए अवैध धन को वैध निवेश में बदला गया। इसके लिए शेल कंपनियों और वित्तीय बिचौलियों का सहारा लिया गया ताकि पैसों के असली स्रोत को छिपाया जा सके।

मोदी सरकार ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी : ढांडा

आप नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि तीन दिन में पंजाब में आम आदमीं पार्टी के खिलाफ ईडी की ये दूसरी रेड है। अब पंजाब मंत्री संजीव अरोड़ा के यहां ईडी ने रेड की है। मोदी सरकार ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी हैं। अब ये लोकतांत्रिक व्यवस्था का दिखावा भी नहीं कर रहे, तानाशाही डिक्लेयर कर दी है। पश्चिम बंगाल में जो ईडी के साथ होता है वो सही ही होता है फिर तो।

आप नेता उस मिट्टी से नहीं जो डर जाएंं : भगवंत मान

मित्तल और अरोड़ा के ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई के बाद नाराज मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता उस मिट्टी से नहीं बने जो डर जाएं। हमारे अधिकतर नेताओं को बिना कुछ किए भाजपा ने जेल का मुंह दिखा दिया मगर अब हम न तो भाजपा सरकार ईडी से डरते हैं और न ही सीडी से डरते हैं। हमें सीबीआई, इनकम टैक्स और अन्य एजेंसियों का कोई डर नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में भाजपा ने आगामी चुनाव की तैयारी कर दी है। इन्हें यहां 117 सीटों पर प्रत्याशी नहीं मिल रहे। इसलिए भाजपा इस तरह डर दिखाकर आप नेताओं को तोडऩे की कोशिश कर रही। कांग्रेस और अकाली दल के कई नेता भाजपा में जाकर बेदाग बन चुके हैं।

टीएमसी विधायक देबाशीष के कोलकाता के घर-दफ्तर छापेमारी

कोलकाता में चुनाव से ठीक पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक देबाशीष कुमार के ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई ने सियासी माहौल गरमा दिया है। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे इनकम टैक्स की टीम ने दक्षिण कोलकाता के मनोहरपुकुर रोड स्थित उनके घर और उनके चुनावी दफ्तर पर एक साथ छापेमारी शुरू की। फिलहाल इस कार्रवाई की वजह स्पष्ट नहीं बताई गई है।

रेड के दौरान समर्थकों ने किया हंगामा

इस छापेमारी के दौरान देबाशीष कुमार के घर के बाहर तनाव की स्थिति भी देखने को मिली। टीएमसी कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हालात को काबू में रखने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात किया गया। कुल मिलाकर, चुनाव से पहले हुई इस कार्रवाई ने बंगाल की राजनीति में हलचल तेज कर दी है और आने वाले दिनों में इसका असर चुनावी माहौल पर भी देखने को मिल सकता है।

जमीन घोटाले के मामले में देबाशीष कुमार पर कार्रवाई

बताया जा रहा है कि देबाशीष कुमार हाल ही में एक जमीन घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के दायरे में भी रहे हैं। उन्हें कई बार पूछताछ के लिए बुलाया गया था और उन्होंने एजेंसी के सामने पेश होकर जवाब भी दिए थे। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या उनका कारोबारी अमित गांगोपाध्याय के साथ कोई वित्तीय लेन-देन रहा है, जिनके ठिकानों पर भी हाल में छापे पड़े थे। यह पूरी कार्रवाई ऐसे समय पर हुई है जब राशबेहारी सीट पर विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। यहां 29 अप्रैल को वोटिंग होगी और 4 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे। इस सीट से भाजपा ने वरिष्ठ लेखक और राजनीतिक विश्लेषक स्वपन दासगुप्ता को उम्मीदवार बनाया है।

ईरान संग अमेरिका की बात बनाने की प्रक्रिया में तेजी

बोले ट्रंप मैं खुद पाकिस्तान जाऊंगा

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। 11 अप्रैल को इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच 21 घंटे तक चली शांतिवार्ता आखिरकार किसी नतीजे तक नहीं पहुंच पाई। लेकिन अब एक बार फिर नए सिरे से बातचीत का दौर शुरू हो सकता है। ट्रंप ने कहा अगर ये डील साइन होती है और ये समझौता इस्लामाबाद में होता है तो मैं भी वहां जा सकता हूं।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी मानती है कि ईरान का एनरिच यूरेनियम जमीन के बहुत गहराई में दबा हुआ है, यह पिछले साल जून में अमेरिका द्वारा ईरान के तीन बड़े परमाणु ठिकानों पर हमलों के बाद हुआ था। पिछले साल जून में अमेरिका और इजरायल के हमलों से पहले, माना जाता था कि ईरान के पास 6० प्रतिशत तक एनरिच लगभग 4०० किलोग्राम यूरेनियम और 2०प्रतिशत तक एनरिच करीब 2०० किलोग्राम यूरेनियम था, जिसे आसानी से 9० प्रतिशत हथियार-ग्रेड यूरेनियम में बदला जा सकता है। वहीं ईरान का कहना है कि वह यूरेनियम को शुद्ध (एनरिच) केवल बिजली पैदा करने के लिए कर रहा है, न कि परमाणु हथियार बनाने के लिए।

ईरान मान गया है कि वो अब न्यूक्लियर हथियार नहीं बनाएगा :  ट्रंप

ट्रंप ने कहा कि उनका सबसे बड़ा फोकस ईरान के परमाणु कार्यकर्म को खत्म करने पर है। ट्रंप का दावा है कि ईरान मान गया है कि वो अब न्यूक्लियर हथियार नहीं बनाएगा और इसके साथ रही वो अपना यूरेनियन अमेरिका को सौंपने को तैयार है। आपको बता दें कि परमाणु प्लांट में बिजली पैदा करने या परमाणु हथियार बनाने के लिए शुद्ध किए हुए या एनरिच यूरेनियम को ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जाता है. प्राकृतिक यूरेनियम में केवल ०.7प्रतिशत -235 होता है, जिसे रिएक्टर ईंधन के लिए 3-5 प्रतिशत या हथियारों के लिए 9० प्रतिशत से अधिक तक शुद्ध (एनरिच) किया जाता है।

स्टालिन हार के डर से महिला आरक्षण व परिसीमन का विरोध कर रहे: पलानीस्वामी

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चेन्नई। परिसीमन विधेयक को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच, एआईएडीएमके के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी ने कहा कि इस विधेयक से किसी भी राज्य पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री स्टालिन चुनाव में हार के डर से इसका विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने कोयंबटूर में एक रोड शो में बोलते हुए कहा कि स्टालिन चुनाव में हार से डरे हुए हैं और मेरे द्वारा उठाए गए मुद्दों का जवाब देने में असमर्थ हैं। इसलिए वे कह रहे हैं कि परिसीमन तमिलनाडु के लिए बुरा है। पलानीस्वामी ने आगे कहा कि जब केंद्रीय मंत्री अमित शाह तमिलनाडु आए थे, तब उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया था कि राज्य पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। एनडीए स्टालिन की अपेक्षा से बेहतर तरीके से परिसीमन लागू करेगा।
केंद्र सरकार का स्पष्ट मत है कि परिसीमन से किसी भी राज्य पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वह अपने वादे पूरे करेगी। स्टालिन को छोडक़र सभी खुश होंगे। एडप्पाडी कोयंबटूर में एआईएडीएमके के अम्मन के. अरुणान, केपी. जयराम और भाजपा की वनथी श्रीनिवासन के लिए प्रचार कर रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि डीएमके प्रमुख दोहरा खेल खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि परिसीमन विधेयक लागू होगा। और जब इसकी घोषणा होगी, जिसमें उनकी मनचाही बातें भी शामिल होंगी, तो स्टालिन कहेंगे कि यह उनके काले झंडे वाले विरोध प्रदर्शन की वजह से है। केंद्र ने महिलाओं के लिए 33प्रतिशत आरक्षण का वादा किया है। हालांकि, डीएमके इसे रोकने की कोशिश कर रही है क्योंकि अगर यह लागू होता है तो इससे केंद्र की प्रतिष्ठा बढ़ेगी। एक दिन पहले, स्टालिन ने काले झंडे वाला विरोध प्रदर्शन आयोजित किया था। काले कपड़े पहनकर उन्होंने विधेयक की प्रतियां जलाकर अपना विरोध जताया। 195० और 196० के दशक के हिंदी विरोधी आंदोलनों का हवाला देते हुए, स्टालिन ने भाजपा को चेतावनी दी थी कि अगर परिसीमन का तमिलनाडु पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तो तमिलनाडु में भी इसी तरह के विरोध प्रदर्शन होंगे।

हरिवंश तीसरी बार उपसभापति बने

पीएम मोदी व नेता प्रतिपक्ष खरगे ने दी बधाई

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। राज्यसभा में शुक्रवार को एक ऐतिहासिक घटना दर्ज हुई। पहली बार किसी मनोनीत सांसद को उपसभापति पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह जिम्मेदारी हरिवंश नारायण सिंह को मिली है, जिन्हें हाल ही में द्रौपदी मुर्मू द्वारा राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरिवंश को राज्यसभा के उपसभापति के रूप में तीसरी बार चुने जाने पर बधाई दी। बधाई संदेश में जेपी से लेकर चंद्रशेखर तक का जिक्र पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में आपातकाल जैसे निर्णयों का मुखर विरोध करने वाले बिहार के जननेता के तौर पर लोकप्रिय रहे जयप्रकाश नारायण (जेपी) का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, हरिवंश जी का जन्म जेपी के गांव में हुआ है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर का भी जिक्र किया।
बतौर लेखक हरिवंश के जीवन का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आज उनकी जयंती के दिन तीसरे कार्यकाल के निर्विरोध चुना जाना इस अवसर को खास बनाता है। पीएम ने कहा कि पूरे सदन को आप पर गहरा विश्वास है, हरिवंश जी की कार्यशैली का सभी सम्मान करते हैं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि हरिवंश जी के लेखोंं में धार है और उनका काम सराहनीय है। हरिवंश जी सभी की बातें सुनते हैं और उनका यह नया कार्यकाल समर्पण और संतुलन से आगे बढ़ेगा।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पर भीषण सडक़ हादसा

थार को टेम्पो ट्रैवलर ने मारी टक्कर, तीन की मौत
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने हडक़ंप मचा दिया। विजय नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत खड़ी थार गाड़ी और बाइक सवारों को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार टेम्पो ट्रैवलर ने टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य घायल बताया जा रहा है।
यह घटना सुबह करीब 6.10 बजे विजय नगर थाना क्षेत्र में, दिल्ली से मेरठ की ओर जाने वाली मुख्य एक्सप्रेसवे लेन पर आईईपीएम कॉलेज के एग्जिट पॉइंट के पास हुई। पुलिस के अनुसार, सडक़ किनारे एक थार गाड़ी खड़ी थी और उसमें सवार दो लोग एक मोटरसाइकिल सवार से बात करने के लिए बाहर निकले थे, तभी पीछे से आ रही एक टैम्पो ने उन्हें टक्कर मार दी।
थार में सवार एक व्यक्ति और मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि थार में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। अधिकारियों ने बाद में पुष्टि की कि मरने वालों की संख्या बढक़र तीन हो गई है। मृतकों की पहचान दीपक और प्रवीण के रूप में हुई है, जबकि तीसरे पीडि़त की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

Related Articles

Back to top button