मिर्ज़ापुर में 24 लाख की हेरोइन बरामद! 4 तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने खोला नशे के बड़े नेटवर्क का राज
मिर्ज़ापुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 लाख रुपये की 140 ग्राम हेरोइन के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया। कोतवाली देहात पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल दो बाइक भी बरामद कीं, पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः मिर्ज़ापुर में अवैध मादक पदार्थों के बढ़ते नेटवर्क पर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चार हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली देहात पुलिस की इस कार्रवाई में 140 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो बाइक भी जब्त की हैं। इस कार्रवाई के बाद जिले में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर फिर से गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मीरजापुर बनता जा रहा अवैध मादक पदार्थों का बड़ा केंद्र
पिछले कुछ समय से मिर्ज़ापुर में नशे के कारोबार को लेकर लगातार मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर यह साफ है कि जिले के कई इलाकों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और सप्लाई का नेटवर्क सक्रिय है। इसी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पूरे जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए थे।
लोहदीकलां गांव के पास पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना कोतवाली देहात पुलिस टीम ने अभियान चलाया। जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के ग्राम लोहदीकलां गांव के पास छापेमारी की गई, जहां से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि ये सभी आरोपी लंबे समय से हेरोइन तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए थे।
यह भी पढ़ें: पुलवामा अटैक में फंसाने की धमकी, रिटायर्ड अफसर से 57 लाख की ठगी! CISF सिपाही निकला मास्टरमाइंड
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है-
- पप्पू तिवारी, पुत्र बद्री प्रसाद तिवारी, निवासी लोहदीकलां, थाना कोतवाली देहात
- दीपक बिन्द, पुत्र राजकुमार बिन्द, निवासी जंगीरोड़ ककरहवां, थाना कोतवाली कटरा
- संतोष कुमार गौतम, पुत्र कपूर चन्द्र गौतम, निवासी भूजवां की चौकी, कोतवाली देहात
- राजन उपाध्याय, पुत्र रामनारायण उपाध्याय, निवासी लोहदी कला
चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।
140 ग्राम हेरोइन और दो बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 140 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार इसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 24 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं, जिनका इस्तेमाल सप्लाई नेटवर्क में किया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह हेरोइन कहां से लाई गई थी और किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जानी थी।
बड़े नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह मामला सिर्फ चार लोगों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। इसके पीछे एक बड़ा सप्लाई नेटवर्क सक्रिय हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है। पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्धों और सप्लायरों की पहचान की जा रही है।
रिपोर्ट -संतोष देव गिरी
यह भी पढ़ें: 12 मौतों के बाद जागा प्रशासन! ड्रमंडगंज घाटी हादसे में ट्रेलर चालक पर केस, हाईवे कंपनी पर कब होगी कार्रवाई?


