ड्रमंडगंज घाटी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़
मिर्जापुर जिले के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर जिले के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी।
बरम बाबा मोड़ के पास घेराबंदी कर पुलिस ने एक फर्जी नंबर प्लेट लगी कार को पकड़ा, जिसमें भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लदी हुई थी। इस कार्रवाई में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
कैसे हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध सफेद रंग की कार, जिसमें फर्जी नंबर प्लेट लगी है, मध्यप्रदेश की तरफ से ड्रमंडगंज घाटी के रास्ते बिहार की ओर जा रही है। सूचना मिलते ही ड्रमंडगंज थाना पुलिस और एसओजी टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और रविवार सुबह करीब 5 बजे बरम बाबा मंदिर के पास घेराबंदी कर दी।
कुछ ही देर में संदिग्ध वाहन को रोक लिया गया। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिक्की में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
बरामद शराब का विवरण
पुलिस द्वारा की गई जांच में कार से कुल लगभग 300 बोतल विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें शामिल हैं—
रॉयल रणथंभौर की 10 बोतलें
हंड्रेड पाइपर्स की 5 बोतलें
जानी वॉकर रेड लेबल की 234 बोतलें
जानी वॉकर ब्लैक लेबल की 8 बोतलें
आफ सेल्यूट वोडका की 23 बोतलें
वेलेंटाइन की 20 बोतलें
इसके अलावा कार के भीतर से झारखंड का एक अन्य फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
पुलिस ने कार में सवार दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान इस प्रकार हुई—
नागेंद्र शाह, पुत्र रामप्रवेश शाह, निवासी हेत्तनपुर, थाना दानापुर, जिला पटना (बिहार)
इशू सिंह, पुत्र कुंडदेव सिंह, निवासी मजीदपुर, थाना किंजर, जिला जहानाबाद (बिहार)
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे हरियाणा से शराब लादकर बिहार ले जा रहे थे।
पुलिस की कार्रवाई और बयान
ड्रमंडगंज थाना प्रभारी भारत सुमन ने जानकारी देते हुए बताया कि—दोनों तस्कर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर अवैध तरीके से शराब की बड़ी खेप बिहार ले जा रहे थे। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।” उन्होंने आगे बताया कि वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर भी नहीं पाया गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह पूरी तरह अवैध गतिविधि का हिस्सा था।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ निम्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है—
आबकारी अधिनियम की धारा 60/63
भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2)
वाहन को मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) के तहत सीज कर दिया गया है और दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
ड्रमंडगंज घाटी में हुई यह कार्रवाई अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है। फर्जी नंबर प्लेट और संगठित तरीके से की जा रही तस्करी ने एक बार फिर यह साबित किया है कि अंतरराज्यीय शराब तस्करी का नेटवर्क अभी भी सक्रिय है, जिस पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरि,मिर्जापुर



