“बेलन लेकर पहुंचीं महिलाएं!” बांदा में बिजली बिल के खिलाफ डीएम ऑफिस में हंगामा

बांदा में ‘बेलन गैंग’ की महिलाओं ने बिजली बिल और नए मीटरों के खिलाफ डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आरोप है कि गरीब बस्तियों में जबरन मीटर लगाए गए और एडवांस बिल बढ़ा दिए गए, जिससे जनता में भारी आक्रोश फैल गया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बांदा की गरीब बस्तियों में बिजली अब सिर्फ रोशनी का साधन नहीं, बल्कि डर का कारण बनती जा रही है। जिन घरों में दो वक्त की रोटी जुटाना मुश्किल है, वहां एडवांस बिजली बिल और नए मीटरों की बढ़ती रकम ने लोगों की चिंता को गुस्से में बदल दिया है।

सोमवार को यह गुस्सा खुलकर सामने आया, जब ‘बेलन गैंग’ की महिलाएं जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं और बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में बेलन, चेहरों पर नाराजगी और आवाज में आक्रोश लिए महिलाओं ने साफ शब्दों में कहा-“रोटी का जुगाड़ नहीं, ऊपर से एडवांस बिल… यह सीधी लूट है।”

गरीब बस्तियों में नए मीटर, बढ़े बिल और बढ़ी परेशानी

महिलाओं का आरोप है कि बिजली विभाग ने गरीब बस्तियों में जबरन नए बिजली मीटर लगा दिए। इन मीटरों के लगने के बाद बिजली बिल कई गुना तक बढ़ गए हैं। दिहाड़ी मजदूरी करने वाले परिवारों के लिए यह अतिरिक्त बोझ असहनीय होता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले जहां किसी तरह पुराना बिल संभल जाता था, अब एडवांस बिल और लगातार बढ़ती रकम ने घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। कई परिवारों में कनेक्शन कटने का डर बना हुआ है, जिससे घरों में अंधेरा छाने लगा है।

डीएम को सौंपा ज्ञापन, दी कड़ी चेतावनी

इस पूरे मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता पुष्पा गोस्वामी के नेतृत्व में महिलाओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए और तत्काल राहत की मांग की। महिलाओं ने साफ कहा, “नए मीटर तुरंत हटाए जाएं, पुराने मीटर बहाल किए जाएं, नहीं तो बेलन सड़कों पर चलेगा।” यह चेतावनी प्रशासन के लिए सीधा संदेश मानी जा रही है कि अब जनता केवल शिकायत नहीं, निर्णायक कार्रवाई चाहती है।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने तीन मुख्य मांगें रखीं 

  • जबरन लगाए गए नए बिजली मीटर तुरंत हटाए जाएं
  • पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं
  • एडवांस बिल और मनमानी वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए

महिलाओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर या नए मीटर के नाम पर गरीबों से अतिरिक्त वसूली किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी। बेलन गैंग की महिलाओं ने प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है कि यदि जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और उग्र होगा। उन्होंने कहा कि अगली बार विरोध केवल ज्ञापन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सड़कों पर बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। उनका कहना है कि जब रसोई चलाना मुश्किल हो जाए, तब बिजली का बढ़ता बिल सिर्फ आर्थिक नहीं, सामाजिक संकट भी बन जाता है।

रिपोर्ट -इक़बाल खान

यह भी पढ़ें: राशन कार्ड के लिए मांगे पैसे? महिलाओं ने अधिकारी को कमरे से घसीटा बाहर, बांदा में बवाल

Related Articles

Back to top button