39 गेंदो में आरसीबी ने दिल्ली से जीता मुकाबला

  • विराट कोहली ने आईपीएल में पूरे किए नौ हजार रन

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को महज 39 गेंदों में नौ विकेट से हरा दिया। सोमवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए आईपीएल मुकाबले में दिल्ली की टीम 16.3 ओवरों में सिर्फ 75 रन ही बना सकी। जवाब में आरसीबी ने 6.3 ओवर में एक विकेट खोकर 77 रन बनाए और मुकाबला जीत लिया। इस दौरान विराट कोहली ने आईपीएल में नौ हजार रन भी पूरे कर लिए।
दिल्ली कैपिटल्स को मैच की दूसरी गेंद पर साहिल परख के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि मेजबान टीम ने महज आठ के स्कोर तक छह विकेट खो दिए थे। इसके बाद डेविड मिलर ने अभिषेक पोरेल के साथ सातवें विकेट के लिए 31 गेंदों में 35 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। उनके अलावा, काइल जैमीसन ने 12 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। जोश हेजलवुड ने 12 रन देकर चार विकेट हासिल किए, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने तीन विकेट निकाले। आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने महज 6.3 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। विराट आईपीएल में नौ हजार रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज बन गए। उनके नाम 275 मैचों में आठ शतक और 66 अर्धशतकों के साथ 9012 रन दर्ज हो गए। इसके अलावा कोहली आईपीएल में दिल्ली के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 1172 रन दर्ज हैं। किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी विराट के ही नाम है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ 1174 रन बनाए। इस मामले में तीसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने केकेआर के खिलाफ 1161 रन बनाए।

रोहित हैदराबाद के खिलाफ करेंगे मैदान पर वापसी

मुंबई। मुंबई इंडियंस के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा चोट से उबर रहे हैं और वह टीम के अभ्यास सत्र में नजर आए। मुंबई का सामना अब सनराइजर्स हैदराबाद से होना है। ये मैच 29 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। रोहित को आरसीबी के खिलाफ मैच के दौरान चोट लगी थी जिसके बाद से वह मैदान से बाहर हैं। बताया जा रहा है कि रोहित हैदराबाद के खिलाफ मैच में चयन के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। रोहित ट्रेनिंग और जिम में मेहनत कर रहे हैं और उन्हें किसी तरह की दिक्कत नहीं हो रही है। फिजियो इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि रोहित अगले मैच में खेलने उतर सकते हैं। रिहैब के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई है।

Related Articles

Back to top button