लगातार दूसरे मैच में भी पंजाब के हाथ लगी हार

  • गुजरात ने चार विकेट से हराकर प्लेऑफ की ओर बढ़ाये कदम

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
अहमदाबाद। जेसन होल्डर की अगुवाई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के बाद साई सुदर्शन की दमदार बल्लेबाजी के बदौलत गुजरात टाइटंस ने पंजाब किंग्स के खिलाफ चार विकेट से शानदार जीत दर्ज की। अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब ने सूर्यांश शेडगे की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में नौ विकेट पर 163 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 19.5 ओवर में छह विकेट खोकर 167 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस सत्र में यह पंजाब की लगातार दूसरी हार है। इससे पहले टीम को राजस्थान रॉयल्स ने मात दी थी। फिलहाल टीम अंक तालिका में 13 अंक के साथ शीर्ष पर है। वहीं, गुजरात 10 में से छह मुकाबले जीतकर 12 अंक लेकर पांचवें पायदान पर बनी हुई है। इस जीत के साथ गुजरात प्लेऑफ की ओर मजबूती से कदम बढ़ाने में सफल रही है। अब चार टीमों के खाते में 12 अंक हो गए हैं। इनमें गुजरात के अलावा आरसीबी, हैदराबाद और राजस्थान शामिल है। शीर्ष-चार पर रहने वाली टीमें आईपीएल प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करेंगी। 164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात को साईं सुदर्शन ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रन जुटाते हुए टीम को मजबूती दी। सुंदर ने 23 गेंदों में 40 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को रोमांचक जीत दिलाई। इससे पहले, पंजाब को पहले ही ओवर में लगातार दो झटके लगे। इसके बाद प्रभसिमरन ने कप्तान के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 35 के स्कोर तक पहुंचाया। जिसके बाद टीम ने 47 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए।
यहां से मार्कस स्टोइनिस ने सूर्यांश शेडगे के साथ 79 रन जुटाकर टीम को 126 के स्कोर तक पहुंचाया। विपक्षी खेमे से जेसन होल्डर ने 24 रन देकर चार विकेट हासिल किए।

केकेआर की हैदराबाद के खिलाफ 21वीं जीत

हैदराबाद। केकेआर ने सनराइजर्स हैदराबाद को मुकाबले में सात विकेट से हराया। केकेआर ने इस तरह प्लेऑफ की उम्मीदों को जीवंत रखा है। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 165 रन बनाए थे। जवाब में केकेआर के लिए अंगकृष रघुवंशी ने अर्धशतक लगाया और कप्तान रहाणे के साथ मिलकर शानदार साझेदारी की जिससे टीम ने 18.2 ओवर में तीन विकेट पर 169 रन बनाकर मैच जीता। केकेआर की यह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 32 मैचों में 21वीं जीत है। यह आईपीएल में किसी टीम के खिलाफ केकेआर की संयुक्त रूप से दूसरी सबसे ज्यादा जीत है। केकेआर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ भी 21 मैच जीते हैं। वहीं, आईपीएल में किसी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस के नाम है जिन्होंने केकेआर के खिलाफ 25 मैच जीते हैं।

Related Articles

Back to top button