टी20 रैंकिंग में भारत शीर्ष पर बरकरार

  • शीर्ष सात स्थानों में नहीं हुआ बदलाव, अमेरिका ने लगाई लंबी छलांग

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
दुबई। आईसीसी ने पुरुष टी20 टीम की ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारत शीर्ष स्थान पर मजबूती के साथ खड़ा है। भारत 275 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ नंबर-1 पायदान पर है। दूसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड (262) से काफी आगे है, जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम 258 प्वाइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत ने इस फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम इंडिया ने साल 2024 और 2026 में लगातार दो बार पुरुष टी20 विश्वकप अपने नाम किया है। टॉप-7 रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
न्यूजीलैंड (247) चौथे, दक्षिण अफ्रीका (244) पांचवें स्थान पर है। पाकिस्तान (240) और वेस्टइंडीज (233) क्रमश: छठे और सातवें स्थान पर बने हुए हैं। जबकि बांग्लादेश एक रेटिंग प्वाइंट हासिल करके आठवें स्थान पर पहुंच गया है। क्योंकि श्रीलंका छह प्वाइंट्स गंवाकर नौवें स्थान पर खिसक गया। अफगानिस्तान 10वें स्थान पर है। कई टीमों ने शानदार छलांग लगाई है। जिसमें अमेरिका छह रेटिंग अंक हासिल कर दो स्थान ऊपर चढ़ते हुए 13वें स्थान पर पहुंच गई। उसने नीदरलैंड्स और स्कॉटलैंड को पछाड़ दिया, जो अब क्रमश: 14वें और 15वें स्थान पर हैं। नामीबिया 16वें स्थान पर बरकरार है, जबकि नेपाल और ओमान ने एक-एक स्थान की छलांग लगाते हुए क्रमश: 17वें और 19वें स्थान पर जगह बनाई। निचले हिस्से में इटली सबसे ज्यादा फायदा उठाने वाली टीमों में रही, जिसने 11 अतिरिक्त रेटिंग अंक हासिल कर तीन स्थान की छलांग लगाते हुए 23वां स्थान हासिल किया। वहीं, स्पेन और साइप्रस ने भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया, जबकि मोजाम्बिक को बड़ा झटका लगा और वह 15 स्थान नीचे खिसक गई।

गेंदबाजों के बाद चला संजू का जादू, दिल्ली को 8 विकेट से हराया

नई दिल्ली। संजू सैमसन के नाबाद अर्धशतक और कार्तिक शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए हुई 114 रनों की अविजित साझेदारी के दम पर सीएसके ने दिल्ली कैपिटल्स को आठ विकेट से हराया। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 155 रन बनाए। जवाब में सीएसके ने 17.3 ओवर में दो विकेट पर 159 रन बनाकर जीत दर्ज की। सीएसके की जीत के हीरो सैमसन रहे जिन्होंने नाबाद 87 रन बनाए। जबकि कार्तिक शर्मा 41 रन बनाकर नाबाद रहे। सीएसके की टीम 10 मैचों में पांच जीत और पांच हार के साथ 10 अंक लेकर अंक तालिका में छठे स्थान पर है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स 10 मैचों में चार जीत और छह हार के साथ आठ अंक लेकर तालिका में सातवें नंबर पर मौजूद है। इससे पहले, दिल्ली की शुरुआत खराब रही और टीम ने नियमित अंतराल पर विकट गंवाए। जिससे टीम ने 11 ओवर में 69 रन तक पांच विकेट गंवा दिए। इसकेबाद स्टब्स और समीर रिजवी के बीच छठे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी के दम पर दिल्ली सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सका। रिजवी ने नाबाद 40 रन बनाए। वहीं, स्टब्स ने 38 रन बनाए।

Related Articles

Back to top button