बीसीसीआई की टीम में बड़े बदलाव की तैयारी!

- टी20 और वनडे के अय्यर बन सकते हैं कप्तान, कोचिंग स्टाफ से जुड़ सकते हैं बहुतुले
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। भारतीय टीम में आईपीएल 2026 के बाद बड़े बदलाव के आसार हैं। बीसीसीआई की नजर टी20 लीग के बाद भारतीय टी20 और वनडे टीम के लिए एक ही कप्तान नियुक्त करने पर है। फिलहाल भारतीय टेस्ट और वनडे टीम की कमान शुभमन गिल संभाल रहे हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव टी20 कप्तान हैं। हालांकि, बोर्ड चाहता है कि व्हाइट बॉल फॉर्मेट में भारत का एक कप्तान हो और रेड बॉल का अलग। ऐसा भी हो सकता है कि शुभमन गिल को तीनों प्रारूप की कप्तानी सौंपी जाए। हालांकि, कप्तानी के लिए बीसीसीआई की पहली पसंद आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे श्रेयस अय्यर है।
सूर्यकुमार यादव के खराब फॉर्म से जूझने के बीच अय्यर को टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है। इसके अलावा, बोर्ड की इच्छा है कि वनडे और टी20 दोनों प्रारूपों में एक ही कप्तान हो, ऐसे में अय्यर को ही दोनों फॉर्मेट की कप्तानी की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है। वहीं पूर्व भारतीय स्पिनर साईराज बहुतुले को टीम इंडिया का नया स्पिन-बॉलिंग कोच बनाए जाने की चर्चा तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बीसीसीआई से विशेषज्ञ-गेंदबाजी कोच नियुक्त करने की सिफारिश की है और इस अहम जिम्मेदारी के लिए बहुतुले का नाम आगे बढ़ाया है। उन्होंने आगे कहा, सूर्यकुमार यादव हमारे वल्र्ड कप विजेता कप्तान रहे हैं और उनके योगदान का सम्मान भी किया जाएगा। वहीं, बीसीसीआई सूर्यकुमार की फॉर्म में वापसी नहीं हो पा रही है और बीसीसीआई इससे परेशान भी है। हालांकि, सूर्यकुमार यादव अब तक एक भी टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज नहीं हारे हैं। दूसरी ओर, श्रेयस अय्यर ने दो साल से ज्यादा समय से कोई टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। उनका पिछला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला दिसंबर 2023 में था।
आईपीएल: घर में लगातार पांचवां मुकाबला हारी दिल्ली
नई दिल्ली। अनुकूल रॉय और कार्तिक त्यागी की घातक गेंदबाजी के बाद फिन एलन की धुआंधार बल्लेबाजी के दम पर केकेआर ने दिल्ली कैपिटल्स को आठ विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली ने पथुम निसांका की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 142 रन बनाए। जवाब में केकेआर ने 14.2 ओवर में दो विकेट खोकर 147 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस सीजन दिल्ली की यह घर में लगातार पांचवीं हार है। वहीं, कोलकाता ने मौजूदा सत्र की चौथी जीत के साथ अंक तालिका में सातवां स्थान हासिल कर लिया। अब उनके खाते में नौ अंक हो गए। वहीं, दिल्ली आठ अंक के साथ आठवें स्थान पर लुढक़ गई।



