बांदा में सड़क निर्माण पर बवाल, ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
बांदा जिले के बड़ोखर खुर्द ब्लॉक की ग्राम पंचायत गुरेह में बन रही 750 मीटर लंबी लिंक रोड को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बांदा जिले के बड़ोखर खुर्द ब्लॉक की ग्राम पंचायत गुरेह में बन रही 750 मीटर लंबी लिंक रोड को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
शनिवार को समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और सड़क निर्माण में अनियमितताओं को लेकर शिकायत पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है और घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क बबेरू रोड से गांव को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण लिंक रोड है, लेकिन इसका निर्माण बेहद खराब तरीके से किया जा रहा है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि यही स्थिति रही तो सड़क बहुत कम समय में ही खराब हो जाएगी और सरकारी धन की भारी बर्बादी होगी।
निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में न तो निर्धारित मोटाई का पालन किया जा रहा है और न ही गुणवत्ता मानकों का ध्यान रखा जा रहा है। इसके अलावा, सड़क में जल निकासी की उचित व्यवस्था भी नहीं की गई है, जिससे बरसात के मौसम में सड़क के जल्दी टूटने और क्षतिग्रस्त होने की आशंका और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों की लापरवाही साफ नजर आ रही है।
ग्रामीणों ने डीएम से की तकनीकी जांच की मांग
शिकायतकर्ता दीपक यादव सहित करीब आधा सैकड़ा ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में मांग की है कि पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि सड़क का निर्माण दोबारा निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाए ताकि यह लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे और लोगों को इसका सही लाभ मिल सके।
लगातार शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने पहले भी संबंधित विभागीय अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसके चलते ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस मामले पर ध्यान नहीं दिया गया तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
आंदोलन की दी चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी शिकायत पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई और निर्माण कार्य की जांच नहीं कराई गई, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि वे किसी भी स्थिति में सरकारी धन की बर्बादी नहीं होने देंगे।
प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद
अब ग्रामीणों की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हुई हैं। सभी लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जिलाधिकारी स्तर से मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
रिपोर्ट -इकबाल खान, बांदा



