बंगाल में टीएमसी में नहीं रुक रहा घमासान

बीजेपी के इशारे पर टीएमसी को नुकसान पहुंचाया जा रहा है : कल्याण बनर्जी

टीएमसी सांसद बोले-भगोड़े सांसद गद्दार, जाना है तो जाएं

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। टीएमसी में मुश्किलों का दौर थम नहीं रही है। पहले विधायक टूट कर अलग गुट बनाए अब 2० सांसदों ने अलग होकर एनडीए का साथ देने की बात कही है हालांकि टीएमसी ने इससे इंकार कर दिया है। और भाजपा पर झूठ फैलाने की बात कही है। इस बीच टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी और कीर्ति आजाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी के बागी सांसदों पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब बीजेपी के इशारे पर हो रहा है, उन्होंने बागी सांसदों को गद्दार और भगोड़ा तक कह दिया। कल्याण बनर्जी ने कहा, बागी सांसद सत्ता के बिना नहीं रह सकते हैं, उनको बंगला, गाड़ी और सुरक्षा चाहिए, इसलिए यह सब कर रहे हैं।

बीजेपी में विलय करना होगा

पार्टी में विद्रोह पर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा, आपके (भाजपा) पास मुख्यमंत्री, ईडी, सीबीआई और अन्य शक्तियां हैं, लेकिन मेरे पास मां, माटी, मानुष, मेरी पार्टी, मेरे पार्टी कार्यकर्ता और पश्चिम बंगाल की जनता है। टीएमसी नेता ने कहा, बागी गुट के पास 2०-21-22-23 कितने भी सांसद क्यों न हो अगर उनको संविधान के 10वे शेड्यूल के तहत दल बदल से बचना है तो उनको बीजेपी में विलय करना होगा।

गद्दारों में नैतिकता है तो इस्तीफा दे दें और भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ें : कीर्ति आजाद

पार्टी में चल रही बगावत पर टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने कहा, हमारे 29 नेता मां, माटी और मानुष के नाम पर चुनाव जीते और सांसद बने। मैं इन गद्दारों से जानना चाहता हूं कि चुनाव के बाद आपने अपनी परेशानियों के बारे में क्यों बात की, पहले क्यों नहीं? शुखेन्दु शेखर रॉय में कम से कम इतनी राजनीतिक नैतिकता तो थी कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया. अगर आप में भी राजनीतिक नैतिकता है तो आप सब भी इस्तीफा दे दें और भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ें।

ममता बनर्जी काकोली की नेता नहीं रहीं

कीर्ति आजाद ने बागी गुट के स्पीकर को चि_ी देने को लेकर कहा, काकोली घोष जिस चि_ी की बात कर रही हैं, वो अब तक किसी के सामने नहीं आ रही. लोकसभा स्पीकर ऑफिस का भी कहना है कि कोई चि_ी नहीं मिली, लेकिन जिस तरह से ये लोग भूपेंद्र यादव (बीजेपी सांसद) के घर गये, उससे साबित हो गया कि वो बीजेपी के साथ मिल गये, कितने मिले, कैसे मिले, ये सब नहीं कह सकते लेकिन अब उनके नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बन गये हैं, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी उनकी नेता नहीं रहीं।

ध्रुवीकरण के लिए मेरे खिलाफ यूसुफ को उतरा था : अधीर रंजन

बंगाल की बहरामपुर सीट से टीएमसी सांसद यूसुफ पठान ममता बनर्जी का साथ छोडऩे वाले हैं। इस पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने मेरे खिलाफ यूसुफ पठान को उतारकर ध्रुवीकरण की राजनीति का सहारा लिया। बता दें कि यूसुफ ने बहरामपुर में अधीर रंजन को हराकर ही जीत हासिल की थी।

अधीर रंजन चौधरी ने कहा, करोड़ों रुपये खर्च करके उन्हें मुझे हराने और ध्रुवीकरण की राजनीति करने के लिए तैनात किया गया था। वह खुद वहां गईं और इस व्यक्ति को उम्मीदवार बनाकर प्रचार शुरू कर दिया, लोगों से मुस्लिम उम्मीदवार को वोट देने की अपील की. आप इतने सालों से हिंदुओं को वोट देते आ रहे हैं। इस बार, इसे वोट दें। कांग्रेस नेता की ओर से ये बयान ऐसे समय में आया है, जब यूसुफ पठान का नाम उन सांसदों में शामिल है, जो ममता बनर्जी का साथ छोडऩे वाले हैं।

महुआ मोइत्रा का यूसुफ पर तंज- थोड़ी शर्म करो

यूसुफ पठान के ममता बनर्जी का साथ छोडऩे पर कृष्णानगर से टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने भी खरी-खोटी सुनाईं। महुआ ने कहा कि हमारे जिले ने आपको भारी बहुमत से जिताया है. थोड़ी शर्म करो और थोड़ा साहस दिखाओ।

पंजाब से लेकर केरल तक ईडी के छापे से आगबबूला हुआ विपक्ष

केजरीवाल बोले- जानबूझकर पंजाब के हिंदू व्यापारियों को निशाना बनाया जा रहा है
विजयन ने कहा-भाजपा अपने विपक्षियों को बस डराना चाहती है

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। पंजाब से लेकर केरल तक हुई ईडी की छापेमारी के बाद सियासी बवाल मच गया है। जंहा पंजाब में आप से जुड़े कारोबारी अमित बजाज के यहां ईडी की छापेमारी के बाद अरविंद केजरीवाल ने केंद्र पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी जानबूझकर पंजाब के हिंदू व्यापारियों को निशाना बनाकर परेशान कर रही है और यह कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा है। आप ने इसे हिंदू व्यापारियों में डर पैदा करने की कोशिश बताया है।
वहीं केरल में ईडी ने सीएमआरएल-एक्सालॉजिक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पिनारयी विजयन की बेटी वीना टी को शुक्रवार को पूछताछ के लिए तलब किया है। इस पर केरल के नेता विजयन ने कहा भाजपा अपने विपक्षियों को बस डराना चाहती है। सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने भाजपा और केंद्रीय एजेंसी पर हमला करते हुए पोस्ट किया कि ईडी पार्टी आज फिर पंजाब में हिंदू व्यापारियों पर छापे मार रही है। ईडी पार्टी पंजाब के छोटे हिंदू व्यापारियों को परेशान कर रही है। मैं सभी व्यापारियों से अपील करता हूं – घबराने की कोई जरूरत नहीं है, पूरा पंजाब और पंजाब सरकार आपके साथ है, हम सब मिलकर ईडी पार्टी का सामना करेंगे। अन्य आप नेताओं ने भी इसी तरह के पोस्ट करने शुरू कर दिए।

जालंधर के कारोबारी हैं अमित बजाज

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जालंधर के कारोबारी अमित बजाज के आवास और अन्य संबंधित स्थानों पर छापा मारा, जो आम आदमी पार्टी के करीबी माने जाते हैं। ईडी के अधिकारी मंगलवार सुबह न्यू जवाहर नगर इलाके में बजाज के आवास और उनके कार्यालय पहुंचे। बजाज जालंधर नगर निगम के लिए एक प्रमुख ठेकेदार के रूप में काम करते हैं और राजनीतिक गलियारों में आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेताओं से उनकी करीबी जगजाहिर है।

विजयन की बेटी को ईडी ने किया तलब

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सीएमआरएल-एक्सालॉजिक वित्तीय लेनदेन मामले में वीना टी को समन जारी कर शुक्रवार को कोच्चि स्थित अपने कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया है। सूत्रों के अनुसार, चल रही मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत वीना समेत नौ लोगों को समन जारी किए गए हैं। इससे पहले, ईडी ने मामले के सिलसिले में की गई तलाशी के दौरान वीना से पूछताछ की थी। सूत्रों ने बताया कि उस समय दिए गए कुछ जवाबों की स्पष्टता से एजेंसी संतुष्ट नहीं थी, जिसके बाद उन्हें कोच्चि कार्यालय में पेश होने के लिए समन भेजा गया। यह पहली बार है जब ईडी ने इस मामले में वीना को औपचारिक रूप से पूछताछ के लिए समन भेजा है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का यह कदम हाल ही में हुए कानूनी घटनाक्रमों के बाद उठाया गया है, जिससे एजेंसी का पक्ष और मजबूत हुआ है। हाल ही में, उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने ईडी की जांच रोकने की मांग वाली सीएमआरएल की अपील को खारिज कर दिया। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि प्रवर्तन निदेशालय अपनी जांच जारी रख सकता है और जांच में कोई कानूनी बाधा नहीं है। एक अन्य महत्वपूर्ण घटनाक्रम में, ईडी ने शनिवार को कॉर्पोरेट अपराधों से संबंधित विशेष न्यायालय से सीएमआरएल और एक्सालॉजिक के बीच हुए समझौतों सहित रिकॉर्ड मांगे। ये रिकॉर्ड मनी लॉन्ड्रिंग की चल रही जांच के अंतर्गत मांगे गए हैं। इससे पहले, एजेंसी ने उनके पिता और विपक्ष के नेता पिनारयी विजयन, उनके पति और विधायक मोहम्मद रियास और सीएमआरएल के प्रबंध निदेशक से जुड़े आवासों पर छापेमारी की थी।

जयपुर में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, तीन की मौत

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। राजधानी जयपुर के खो नागोरियान क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक घर में संचालित पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने और विस्फोट होने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस मकान में हादसा हुआ, वहां घर के भीतर ही पटाखा निर्माण का काम चल रहा था। अचानक आग लगने के बाद तेज धमाके हुए, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, सिविल डिफेंस, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने तीन लोगों की जलने से मौत की पुष्टि की है। वहीं पांच घायलों को उपचार के लिए जयपुरिया अस्पताल और एसएमएस अस्पताल भेजा गया है। इनमें से तीन घायलों को एसएमएस अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।
चिकित्सकों के अनुसार ये सभी 5० से 7०प्रतिशत तक झुलस चुके हैं और उनकी स्थिति मरणासन्न बनी हुई है।घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन, एडीएम और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर मौजूद हैं। दमकलकर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने और मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। आशंका है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है।

महाराष्ट्र के जलगांव में भीषण सडक़ हादसा

कार और बाइक की टक्कर में 6 लोगों की मौत
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। महाराष्ट्र के जलगांव जिले से एक बेहद दर्दनाक सडक़ हादसे की खबर सामने आई है। मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
पुलिस ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 7 बजे जलगांव के अमलनेर इलाके में लोंढे फाटा के पास हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आवाज सुनकर आस-पास के लोग तुरंत मौके पर दौड़ पड़े। शुरुआती जानकारी के अनुसार कार में सवार लोग गुजरात से आ रहे थे और महाराष्ट्र में एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान लोंढे फाटा के पास उनकी कार सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल से टकरा गई।
टक्कर के बाद मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और पीछे से आ रही एक बस से जा टकराई। इस दर्दनाक एक्सीडेंट में कार में सवार चार लोगों और मोटरसाइकिल पर मौजूद दोनों लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कार सवार नंदलाल महाजन, अनीता महाजन, सुरेश महाजन और निर्मला महाजन और बाइक सवार मृतक नीलेश तावड़े और फाल्गुनी भोई के रूप में हुई है। इसके अलावा इस हादसे में कार ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।

पेपर लीक मामले में सीजेआई को लिखेंगे पत्र: खरगे

एकबार फिर शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगा
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इंडिया ब्लॉक ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखने का फैसला किया है, जिसमें मतों की लूट और चुनावी धांधली का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि एसआईआर, मतों की लूट और चुनाव में धांधली को लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र भेजने पर सहमति बनी है। यह पत्र जल्द ही भारत के मुख्य न्यायाधीश को सौंप दिया जाएगा।
खरगे ने यह भी कहा कि इंडिया ब्लॉक ने सर्वसम्मति से केंद्रीय शिक्षा मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग करने का संकल्प लिया है, क्योंकि उन पर नीट और सीबीएसई परीक्षाओं में बैठने वाले छात्रों को प्रभावित करने वाली कथित अनियमितताएं हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, शिक्षा मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग करने पर सर्वसम्मति से सहमति बनी है क्योंकि उन्होंने नीट और सीबीएसई परीक्षाओं में बैठने वाले लाखों युवाओं के साथ विश्वासघात किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष खर्गे ने युवा, संस्थागत अखंडता और एक सतत संयुक्त विपक्षी मोर्चे पर केंद्रित गठबंधन की तत्काल कार्य योजना का विस्तृत विवरण दिया। खरगे ने आगे कहा कि गठबंधन के सहयोगी अब राष्ट्रीय राजनीति की समीक्षा और रणनीति समन्वय के लिए हर दो महीने में मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक के नेताओं की अगली औपचारिक बैठक 8 अगस्त को तय की गई है और भविष्य की तिथियों का निर्णय समय-समय पर लिया जाएगा और सूचित किया जाएगा।
संसद के मानसून सत्र से पहले गठबंधन अपनी विधायी रणनीति को भी मजबूत कर रहा है। गठबंधन के सभी सहयोगियों की रणनीति बैठकें विपक्ष के नेता (एलओपी) के कार्यालय में नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी ताकि सत्ता पक्ष के खिलाफ दैनिक आधार पर एक एकजुट मोर्चा सुनिश्चित किया जा सके।
केंद्र सरकार को मौजूदा नाजुक आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों के मुद्दे और अन्य जन-केंद्रित मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तुरंत एक सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए। यह सहमति बनी कि सभी दल हर दो महीने में मिलेंगे… मानसून सत्र के दौरान विपक्ष के नेता के कार्यालय में प्रतिदिन सुबह की बैठकों के साथ संसद समन्वय जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button