बांग्लादेश से भारत का करो या मरो मुकाबला आज

  • हारते ही खत्म हो जाएगा टी20 वर्ल्ड कप का सफर

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मैनचेस्टर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम एक बार फिर से करो या मरो के चक्कर में फंस चुकी है। वह ऐसी ही सात महीने पहले घरेलू मैदान पर हुए वनडे वर्ल्ड कप में एलिमिनेशन की कगार पर खड़ी थी, लेकिन उसने वहां से वापसी करते हुए भारतीय महिला क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज की और वर्ल्ड चैंपियन बनीं। अब समय आ गया है कि टी20 वल्र्ड कप में भी वैसा ही करिश्मा दोहराया जाए। हरमनप्रीत कौर की सेना गुरुवार को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में बांग्लादेश के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में अच्छी शुरुआत के बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा था।
उस मैच में गेंदबाजों के पास बचाव के लिए पर्याप्त रन नहीं थे और फील्डिंग में हुई गलतियों ने भारत पर दबाव बढ़ा दिया था। पिछले मैचों में स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दी है, लेकिन मध्यक्रम की बल्लेबाजी चिंता का विषय बनी हुई है। कप्तान कौर और जेमिमा रोड्रिग्स अब तक अपनी लय में नजर नहीं आई हैं और उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। भारत को बांग्लादेश के खिलाफ वैसी ही दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाने वाले खिलाडिय़ों की जरूरत है, जैसा प्रदर्शन दक्षिण अफ्रीका के लिए मरिजान कैप ने किया था। बांग्लादेश की टीम पाकिस्तान पर मिली जीत से काफी उत्साहित है और उन पर भारत जैसा दबाव नहीं होगा। हालांकि, कागजों पर भारतीय टीम बांग्लादेश से काफी मजबूत नजर आती है, लेकिन सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए उसे अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा। भारत के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने का सबसे सुरक्षित रास्ता यह है कि वह अपने दोनों बचे हुए मैचों में बड़ी जीत हासिल करे। साथ ही उसे यह उम्मीद भी करनी होगी कि दक्षिण अफ्रीका अपने शेष मैचों में कम से कम एक अंक गंवा दे। यदि ऐसा होता है, तो भारत की शीर्ष दो में जगह पक्की हो जाएगी।

सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी इंग्लैंड

लॉर्ड्स। इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को 38 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मेजबान टीम मौजूदा महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम भी बन गई। ग्रूप-दो के मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 186 रन बनाए, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 148 रन ही बना सकी। डैनी व्याट-हॉज की शानदार अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन ने इंग्लैंड की जीत की नींव रखी। व्याट-हॉज को उनकी 65 रन की मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ इंग्लैंड महिला टीम ने लगातार चौथी जीत दर्ज करते हुए आठ अंकों के साथ ग्रूप-दो में शीर्ष स्थान बरकरार रखा और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। वेस्टइंडीज छह अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है और उसकी नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें अभी भी कायम हैं।

Related Articles

Back to top button