CM योगी के दौरे से पहले बरेली में बड़ा ट्रैफिक अलर्ट, 30 जून को इन रास्तों पर मत जाइए
30 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बरेली दौरे के चलते सुबह 8 बजे से विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। पुराना रोडवेज बस स्टैंड बंद रहेगा और सभी बसें सैटेलाइट बस स्टैंड से संचालित होंगी। भारी वाहनों पर भी रोक रहेगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 30 जून 2026 को प्रस्तावित बरेली दौरे को देखते हुए शहर में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। वीआईपी सुरक्षा और आम लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए यातायात पुलिस ने सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी, जबकि रोडवेज बसों का संचालन भी बदले हुए रूट से किया जाएगा। यातायात पुलिस ने शहरवासियों और यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
30 जून को पुराना रोडवेज बस स्टैंड रहेगा बंद
यातायात पुलिस के अनुसार, 30 जून को पुराना रोडवेज बस स्टैंड पूरी तरह बंद रहेगा। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाली सभी रोडवेज बसें बड़ा बाईपास और इन्वर्टिस तिराहा होते हुए केवल सैटेलाइट बस स्टैंड तक ही संचालित होंगी। यात्रियों की चढ़ाई और उतराई भी सैटेलाइट बस स्टैंड से ही होगी।
इन मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
पुलिस अधीक्षक (यातायात) मो. अकमल खान द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक निम्न स्थानों से भारी वाहनों का शहर की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा—
- परसाखेड़ा रोड नंबर-1
- विलवा पुल
- लालपुर कट
- विलयधाम
- नवदिया झाड़ा
- ट्रांसपोर्ट नगर
- रामगंगा तिराहा
- बुखारा मोड़
इन सभी स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट
दिल्ली, रामपुर से बदायूं जाने वाले वाहन झुमका तिराहा, बड़ा बाईपास, विलवा, विलयधाम, नवदिया झाड़ा, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, देवचरा और भमौरा होकर गुजरेंगे। दिल्ली और रामपुर से लखनऊ जाने वाले वाहन बड़ा बाईपास, झुमका, विलवा, विलयधाम, फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी मार्ग का उपयोग करेंगे। लखनऊ से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर, इन्वर्टिस तिराहा और बड़ा बाईपास होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं, बदायूं से बरेली आने वाले भारी वाहन भमौरा, देवचरा, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी और इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी मार्ग से ट्रांसपोर्ट नगर तक पहुंच सकेंगे।
रोडवेज बसों के लिए भी बदला गया रूट
दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत से बरेली होते हुए बदायूं या लखनऊ जाने वाली सभी रोडवेज बसें सैटेलाइट बस स्टैंड पर ही रुकेंगी। आगे का संचालन भी निर्धारित डायवर्जन रूट के अनुसार किया जाएगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे समय से पहले घर से निकलें और पुराना बस स्टैंड पहुंचने के बजाय सीधे सैटेलाइट बस स्टैंड का रुख करें।
SP ट्रैफिक की अपील
पुलिस अधीक्षक (यातायात) मो. अकमल खान ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से ही मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु और सुरक्षित बनाए रखी जा सकेगी।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना
यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में बिजली बनी मौत, होमगार्ड जवान की गई जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़



