उन्नाव एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव! बस चालक की एक झपकी ने ले ली 5 जिंदगियां
उन्नाव के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसे में बस डिवाइडर पार कर कार से टकरा गई। हादसे में 5 लोगों की मौत और 8 लोग घायल हुए। सीएम योगी ने शोक जताया, जांच जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार अल सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार स्लीपर बस के चालक को कथित तौर पर नींद आने के बाद बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही कार से भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आठ अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
Unnao Expressway Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा
उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 230.800 पर सुबह करीब 4:30 बजे यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बिहार नंबर (BR06 PF 1024) की एक स्लीपर बस हरियाणा के फरीदाबाद से बिहार जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। उसी समय लखनऊ से आगरा (मथुरा की ओर) जा रही एक अर्टिगा कार (UP58 AK 3461) सामने आ गई। बस ने कार को जोरदार टक्कर मार दी और खुद भी सड़क किनारे खंती में पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार के उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा (UPEIDA) की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे में पांच लोगों की मौत
कार में कुल नौ लोग सवार थे, जिनमें से पांच की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है-
- दिव्या (6 वर्ष)
- अमृता (13 वर्ष)
- अंजू (40 वर्ष)
- धुनमुन (60 वर्ष)
- विनोद (45 वर्ष, चालक)
चार अन्य कार सवार घायल हैं और उनका इलाज जारी है। इसके अलावा बस में सवार चार यात्री भी घायल हुए हैं। हालांकि प्रशासन के अनुसार उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
डीएम और एसपी ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह और बांगरमऊ एसडीएम बृजमोहन शुक्ला घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की और अस्पताल में भर्ती घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। साथ ही बस में सवार अन्य यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
डीएम घनश्याम मीणा ने क्या बताया?
जिलाधिकारी घनश्याम मीणा के अनुसार, सुबह लगभग 4:30 बजे फरीदाबाद से बिहार जा रही बस के चालक को नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। बस डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में चली गई और लखनऊ से मथुरा की ओर जा रही अर्टिगा कार से टकरा गई। उन्होंने बताया कि कार में सवार नौ लोगों में पांच की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बस में घायल यात्रियों का भी इलाज कराया गया है और उनकी स्थिति सामान्य है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
सड़क सुरक्षा के लिए बड़ा सबक
प्रारंभिक जांच में चालक को नींद आने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि लंबी दूरी तय करने वाले चालकों के लिए पर्याप्त विश्राम बेहद आवश्यक है, क्योंकि कुछ सेकेंड की झपकी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव के जन्मदिन पर सीएम योगी बोले- स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों

