सीतापुर में पुलिस से भिड़ा 25 हजार का इनामी, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

सीतापुर के सकरन क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार का इनामी बदमाश आशिक गिरफ्तार हुआ। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। मौके से तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सकरन थाना क्षेत्र में एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश आशिक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, ओड़ा-झाड़ रसूलपुर रोड पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर एसओजी और सकरन थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। इसी दौरान आरोपी आशिक पुत्र मोबीन ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार होने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

मौके से हथियार और बिना नंबर की बाइक बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और पीली धातु का कान का कुंडल बरामद किया है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

25 हजार का इनाम था घोषित, कई मामलों में था वांछित

पुलिस के अनुसार, आशिक पुत्र मोबीन लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है।

रिपोर्ट – वली चौधरी

यह भी पढ़ें: सीतापुर में UP TET 2026 शुरू, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के ऐसे इंतजाम पहले नहीं देखे होंगे

Related Articles

Back to top button