सीतापुर में भीषण आग, कुछ ही मिनटों में जल गए कंप्यूटर और जरूरी दस्तावेज

सीतापुर के रामपुर कलां क्षेत्र में हीरो एजेंसी में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। हादसे में कंप्यूटर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान जल गया। एजेंसी प्रबंधन ने करीब 50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के रामपुर कलां थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक हीरो मोटरसाइकिल एजेंसी में लगी भीषण आग से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस हादसे में कार्यालय के कंप्यूटर सिस्टम, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य आवश्यक सामग्री नष्ट हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय शोरूम में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।

रात दो बजे मिली आग लगने की सूचना

सरैया राजा साहब स्थित सी ई ऑटो सेल्स हीरो एजेंसी के संचालक मोहम्मद शाहनवाज ने बताया कि रात करीब दो बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल-112 पुलिस तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई।

घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कई घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आग को शोरूम के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया। हालांकि कार्यालय में रखा अधिकांश इलेक्ट्रॉनिक सामान और महत्वपूर्ण अभिलेख पूरी तरह जल गए।

50 लाख के नुकसान का अनुमान, जांच जारी

एजेंसी प्रबंधन के अनुसार हादसे में लगभग 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट -वली चौधरी

यह भी पढ़ें: सीतापुर में सनसनी, हॉस्टल संचालक की संदिग्ध मौत ने खड़े किए कई सवाल

Related Articles

Back to top button