बांदा दौरे से पहले एक्शन में प्रशासन! सीएम योगी की सभा स्थल पर पहुंचे डीआईजी, डीएम और एसपी
9 जुलाई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बांदा दौरे से पहले डीआईजी, डीएम अमित आसेरी और एसपी पलाश बंसल ने सभा स्थल व हेलीपैड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 9 जुलाई को प्रस्तावित बांदा दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री की जनसभा और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) राजेश यश, जिलाधिकारी अमित आसेरी, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सभा स्थल और हेलीकॉप्टर लैंडिंग स्थल का निरीक्षण किया।
पीजेएन कॉलेज मैदान में होगी जनसभा
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने बताया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुबह करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच प्रस्तावित है। उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री पीजेएन कॉलेज ग्राउंड पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं का किया गया निरीक्षण
अधिकारियों ने सबसे पहले पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड का निरीक्षण किया। इसके बाद पीजेएन कॉलेज मैदान पहुंचकर मंच, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मौसम की संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भी आवश्यक तैयारियों का आकलन किया गया।
अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
संयुक्त निरीक्षण के दौरान डीआईजी, डीएम और एसपी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और जनसुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने बताया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम सुचारु और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
रिपोर्ट – इक़बाल खान
यह भी पढ़ें: मीरजापुर में रातों-रात साफ हुई ज्वेलरी दुकान, CCTV का तार काटकर ले गए DVR



