पहली ही बारिश में डूब गई सड़क! बांदा के मवई बुजुर्ग में खुली व्यवस्थाओं की पोल
बांदा के मवई बुजुर्ग गांव में पहली बारिश के बाद झंडा देवी मंदिर के पास सड़क पर भारी जलभराव हो गया। ग्रामीणों ने नालियों की सफाई न होने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मानसून की पहली बारिश ने ही ग्राम पंचायत मवई बुजुर्ग की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर से सटे इस गांव में झंडा देवी मंदिर के पास मुख्य रास्ते पर भारी जलभराव हो गया है। सड़क पर जमा पानी के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर भरा पानी, बढ़ा हादसे का खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के बाद सड़क कई स्थानों पर तालाब जैसी दिखाई दे रही है। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के फिसलने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
नालियों की सफाई नहीं होने का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं कराई गई, जिसके कारण बारिश का पानी निकासी न होने से सड़क पर जमा हो गया। उनका कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नालियों की तत्काल सफाई कराकर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि बरसात का मौसम अभी शुरू हुआ है और यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि बेहतर जलनिकासी व्यवस्था न केवल लोगों की सुविधा के लिए जरूरी है, बल्कि सड़क हादसों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव के लिए भी आवश्यक है।
रिपोर्ट -इक़बाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: बरेली में धर्मांतरण के आरोपों से मचा हड़कंप, हिन्दू रक्षा दल ने सौंपा बड़ा ज्ञापन



