मिर्जापुर में नहर से निकलकर घर में घुसा 7 फीट लंबा मगरमच्छ, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू
मिर्जापुर के हलिया क्षेत्र में अदवा नहर से निकलकर करीब 7 फीट लंबा मगरमच्छ एक घर में घुस गया। ग्रामीणों की सतर्कता और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर ददरी बांध में छोड़ दिया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गुरुवार की भोर मिर्जापुर के हलिया क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशालकाय मगरमच्छ नहर से निकलकर रिहायशी इलाके में पहुंच गया। देखते ही देखते करीब सात फीट लंबा मगरमच्छ एक मकान के अंदर घुसने लगा। ग्रामीणों की सतर्कता और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
कुत्तों के भौंकने से चला मगरमच्छ के आने का पता
जानकारी के अनुसार, हलिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हलिया के महादेव मजरा स्थित मौर्य बस्ती में अदवा नहर से निकलकर मगरमच्छ आबादी की ओर आ गया। देर रात कुत्तों के लगातार भौंकने पर ग्रामीणों ने टॉर्च जलाकर देखा तो मगरमच्छ राम अकबाल मौर्य के पक्के मकान की ओर बढ़ रहा था। लोगों ने साहस दिखाते हुए डंडों की मदद से उसे सीढ़ी के नीचे बने अर्धनिर्मित शौचालय में बंद कर दिया और तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
वन विभाग ने सुरक्षित पकड़कर ददरी बांध में छोड़ा
सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी संतोष राय के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन्यजीव रक्षक संदीप कुमार, वनरक्षक अंकुर शुक्ला, शिवम सिंह, शीतला बक्स सिंह, अनिरुद्ध श्रीवास्तव और मल्ले खान ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे मेजा स्थित ददरी बांध के गहरे जलाशय में छोड़ दिया गया।
ग्रामीण बोले- समय रहते जाग गए, वरना हो सकता था बड़ा हादसा
ग्रामीणों का कहना है कि मगरमच्छ सुसुआड़ नाले से होते हुए अदवा नहर के रास्ते बस्ती तक पहुंचा था। गृहस्वामी राम अकबाल मौर्य ने बताया कि यदि समय रहते लोगों की नींद नहीं खुलती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। मगरमच्छ के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद पूरे गांव ने राहत की सांस ली।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी
यह भी पढ़ें: CM की सुरक्षा के आगे हार गई इंसानियत? सड़क पर एक घंटे तक रुकी रही अंतिम यात्रा



