“बुंदेलखंड अब पलायन नहीं, विकास की पहचान बनेगा”, बांदा में बोले CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांदा दौरे पर 710 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित करते हुए बुंदेलखंड के विकास और कानून-व्यवस्था पर भी अपनी बात रखी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा दौरे के दौरान जिले को 710 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित जनसभा में उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण से जुड़े लाभार्थियों को आवास की चाबी, आयुष्मान कार्ड, सिलाई मशीन और आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए।

बुंदेलखंड के विकास को बताया सरकार की प्राथमिकता

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नौ वर्ष पहले बुंदेलखंड की पहचान पानी की कमी, पलायन, डकैतों और माफियाओं से होती थी, लेकिन आज क्षेत्र तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सिंचाई परियोजनाओं के जरिए खेतों तक पानी पहुंच रहा है, मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी बन रहे हैं।

कानून-व्यवस्था और विपक्ष पर भी बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने डिफेंस कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाया और कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: VIP नहीं, आम श्रद्धालु की तरह लाइन में लगीं दिव्या मित्तल, लोगों ने कहा- अधिकारी हो तो ऐसा

Related Articles

Back to top button