DDU के 45वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां शुरू, 27 जुलाई से पूरे सप्ताह होंगे खास आयोजन
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के 45वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। 27 जुलाई से सप्ताहभर विशेष कार्यक्रम होंगे, जबकि 6 अगस्त को मुख्य दीक्षांत समारोह और 'मां-बेटी सम्मेलन' का आयोजन किया जाएगा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (DDU) में 6 अगस्त को आयोजित होने वाले 45वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में समारोह को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए गठित विभिन्न समितियों की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया। बैठक में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों और समिति संयोजकों ने भी भाग लिया।
दीक्षांत समारोह को यादगार बनाने पर जोर
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध उत्कृष्टता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने सभी समितियों को बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन सफल और यादगार बन सके।
27 जुलाई से सप्ताहभर होंगे शैक्षणिक और सांस्कृतिक आयोजन
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, 27 जुलाई से दीक्षांत समारोह के अंतर्गत पूरे सप्ताह विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और छात्र-केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता बढ़ाना तथा पूरे परिसर में उत्सव का माहौल तैयार करना है।
पर्यावरण संरक्षण और ‘मां-बेटी सम्मेलन’ पर रहेगा विशेष फोकस
कुलपति ने विश्वविद्यालय परिसर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने और दीक्षांत समारोह को पर्यावरण-अनुकूल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह के समापन के बाद उसी दिन विश्वविद्यालय परिसर में ‘मां-बेटी सम्मेलन’ का भी आयोजन होगा, जिसकी तैयारियों को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडे
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में ऑडिटोरियम निर्माण की धीमी रफ्तार पर अधिकारियों की फटकार



