चौरी चौरा रेलवे स्टेशन के बाहर युवक पर चाकू और डंडों से हमला, आंख और चेहरे पर गंभीर चोट

गोरखपुर के चौरी चौरा रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के बाहर युवक पर चाकू और डंडों से हमला किया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के चौरी चौरा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के बाहर एक युवक पर चाकू और डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक की दोनों आंखों के आसपास और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।

टिकट सूची देखने के दौरान शुरू हुआ विवाद

पीड़ित के मामा राजेश, निवासी चौरी बदुराहिय, के अनुसार उनका भांजा दीपक शाम करीब छह बजे रेलवे स्टेशन पर टिकट की सूची देखने गया था। आरोप है कि सूची फटी हुई थी। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक, जो कथित तौर पर नशे की हालत में था, गाली-गलौज करने लगा। कुछ देर बाद स्टेशन के मुख्य गेट के बाहर उसने अपने साथियों को बुला लिया।

चाकू और डंडों से हमला, कई लोगों पर आरोप

आरोप है कि स्टेशन गेट के बाहर एक नामजद और करीब एक दर्जन अन्य लोगों ने मिलकर दीपक पर चाकू और डंडों से हमला कर दिया। हमले में युवक की आंखों के आसपास और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया।

तहरीर के आधार पर जांच शुरू

पीड़ित पक्ष ने एक नामजद और करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडे, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: 13 जुलाई को अवध एक्सप्रेसवे पर दौड़ेंगे वाहन, उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में

Related Articles

Back to top button