सीतापुर में नाले किनारे मिली सरकारी दवाइयां, जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

सीतापुर के हरगांव क्षेत्र में नाले किनारे कूड़े के ढेर में सरकारी दवाइयां मिलने से स्वास्थ्य विभाग पर सवाल उठे हैं। CMO ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर जिले के हरगांव क्षेत्र से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रामपुर बरौरा नाले के किनारे कूड़े के ढेर में भारी मात्रा में सरकारी दवाइयां पड़ी मिलीं। बताया जा रहा है कि ये दवाइयां सामान्य बीमारियों जैसे बुखार और पेट दर्द के इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों के माध्यम से मरीजों को वितरित की जाती हैं।

दवाइयों के मिलने से उठे गंभीर सवाल

सरकारी दवाइयों का इस तरह खुले में पड़े मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दवाइयां वहां कैसे पहुंचीं, क्या वे उपयोग योग्य थीं या उनकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। इन सभी पहलुओं की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी।

CMO ने दिए जांच के निर्देश

मामले की जानकारी मिलने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने पूरे प्रकरण की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जांच रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल प्रशासन इस बात की पड़ताल कर रहा है कि सरकारी दवाओं के निस्तारण की प्रक्रिया में कहीं नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर है, जिससे यह साफ होगा कि इस मामले के लिए जिम्मेदार कौन है।

रिपोर्ट – वली चौधरी

यह भी पढ़ें: आधी रात डीएम आवास पहुंचे ग्रामीण, रास्ता बंद होने के आरोप पर प्रशासन हरकत में

Related Articles

Back to top button