क्लीन स्वीप से बचने के इरादे से उतरेगा भारत

- इंग्लैंड से आखिरी टी20 मैच आज, 3-0 से सीरीज में पीछे है भारतीय टीम
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
साउथम्प्टन। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का अंतिम मुकाबला शनिवार को साउथम्प्टन में खेला जाएगा। कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम पहले ही सीरीज गंवा चुकी है और अब उसकी कोशिश 0-4 से क्लीन स्वीप होने की शर्मनाक स्थिति से बचने की होगी। बेलफास्ट से शुरू हुआ भारत का यह दौरा अब साउथम्प्टन पहुंच चुका है, लेकिन छह शहरों की यात्रा के बावजूद एक चीज नहीं बदली है-श्रेयस अय्यर अभी भी बतौर कप्तान अपनी पहली जीत का इंतजार कर रहे हैं। भारतीय पुरुष टीम के लिए यह 2006 में पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने के बाद सबसे लंबा जीत का सूखा बन गया है।
पूरी श्रृंखला में भारत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। अगर भारत अंतिम मुकाबला जीत भी लेता है तो सीरीज नहीं बचा पाएगा, लेकिन 1-3 की हार 0-4 के क्लीन स्वीप से कहीं बेहतर मानी जाएगी। भारतीय बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती जोफ्रा आर्चर और जॉश टंग की तेज गेंदबाजी रही है। वहीं सैम करन की धीमी और स्किड होने वाली गेंदों ने भी उन्हें लगातार परेशान किया। गेंदबाजी में भारत की मुश्किलें और बढ़ गई हैं क्योंकि वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा हैमस्ट्रिंग चोट के कारण बाहर हो गए हैं। बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी पर भरोसा बरकरार रख सकता है, हालांकि वह शॉर्ट गेंदों के खिलाफ संघर्ष करते दिखे हैं। संजू सैमसन का प्लेइंग इलेवन और जिम्बाब्वे दौरे दोनों से बाहर रहना चर्चा का विषय बना हुआ है। यदि उन्हें मौका दिया जाता है तो तिलक वर्मा को बाहर बैठना पड़ सकता है और शीर्ष क्रम में बदलाव करना होगा।
टीम की लगातार नाकामी पर बीसीसीआई सख्त, होगी प्रदर्शन की समीक्षा
मुंबई। टी20 विश्व कप चैंपियन भारत की लगातार खराब फॉर्म के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने पुरुष टी20 टीम के प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा करने का ऐलान किया है। यह समीक्षा इंग्लैंड के खिलाफ 19 जुलाई को समाप्त होने वाली वनडे सीरीज के तुरंत बाद होगी। इंग्लैंड दौरे के खत्म होते ही होगी, जिसमें लगातार दो टी20 सीरीज हारने के कारणों और टीम की कमियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि पुरुष टी20 टीम इस समय खराब दौर से गुजर रही है। ऐसे में इंग्लैंड दौरा समाप्त होने के बाद टीम के प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा, स्थिति बिल्कुल साफ है। इंग्लैंड और उससे पहले आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टी20 टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। इसलिए सीरीज खत्म होने के बाद हम समीक्षा करेंगे। टीम किन समस्याओं का सामना कर रही है, इसका विस्तार से विश्लेषण किया जाएगा और उन्हें दूर करने की कोशिश की जाएगी।



