अफगान ने विश्वकप के लिए किया क्वालीफाई

- आयरलैंड को हराकर अफगानिस्तान की चौथी बार विश्व कप में में एंट्री
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
बेलफास्ट। अफगानिस्तान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2027 वनडे विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली है। सोमवार को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले गए तीसरे वनडे में आयरलैंड को रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से मात दी। आयरलैंड के खिलाफ जीत के साथ अफगानिस्तान ने वनडे विश्वकप के लिए सीधे क्वालिफाई कर लिया है। वनडे रैंकिंग में आठवें स्थान पर मौजूद अफगानिस्तान का यह वनडे विश्वकप में चौथा हिस्सा होगा।
टॉस के बाद पहले गेंदबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने आयरलैंड की पूरी टीम को 46.3 ओवर में 206 रन पर समेट दिया। अफगान गेंदबाजों ने शुरुआत से ही आयरिश बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए। वहीं 207 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने एक समय 97 रन पर सिर्फ दो विकेट गंवाए थे और मुकाबला उसके नियंत्रण में नजर आ रहा था। लेकिन इसके बाद टीम ने 176 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने पांच विकेट और गंवा दिए। स्कोर 176/7 होने के बाद मुकाबला बेहद रोमांचक हो गयां। ऐसे में राशिद खान ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 37 रन बनाए। दूसरे छोर पर यामिन अहमदजई ने उनका बखूबी साथ दिया और अफगानिस्तान को 44.5 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया। राशिद को उनके निर्णायक प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
संदीप लामिछाने बने नेपाल की वनडे टीम के कप्तान
नई दिल्ली। नेपाल क्रिकेट में नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल (सीएएन) ने स्टार लेग स्पिनर संदीप लामिछाने को टीम का नया वनडे कप्तान नियुक्त किया है। लामिछाने लंबे समय से टीम की कप्तानी कर रहे रोहित पौडेल की जगह लेंगे। उनकी कप्तानी का पहला बड़ा कार्यभार मलयेशिया में होने वाला एसीसी मेंस प्रीमियर कप 2026 होगा, जिसका आयोजन 30 अगस्त से 12 सितंबर तक किया जाएगा। 26 वर्षीय लामिछाने इससे पहले भी नेपाल की वनडे टीम की कप्तानी कर चुके हैं। उन्होंने 14 वनडे में टीम की अगुआई की थी, जिसके बाद 2022 के अंत में रोहित पौडेल ने कप्तानी संभाली थी। अब एक बार फिर लामिछाने को टीम की कमान सौंपी गई है। संदीप लामिछाने नेपाल के सबसे अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाडिय़ों में शामिल हैं। उन्होंने अब तक 77 वनडे मैचों में 154 विकेट हासिल किए हैं। वह नेपाल की ओर से सबसे तेज 150 वनडे विकेट पूरे करने वाले गेंदबाज हैं। इसके अलावा लामिछाने नेपाल के पहले ऐसे खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट का आंकड़ा पार किया है। ऐसे में उनके अनुभव को देखते हुए वनडे टीम की कप्तानी सौंपना नेपाल क्रिकेट के लिए अहम फैसला माना जा रहा है।



