बुजुर्गों के लिए पंजाब सरकार का बड़ा तोहफा, 15 बसें रवाना; AC सफर से होटल तक सब मुफ्त
पंजाब की मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत 15 बसें हरिद्वार-ऋषिकेश, मथुरा-वृंदावन और खाटू श्याम-सालासर के लिए रवाना हुईं। सरकार AC बस, भोजन, ठहरने और मेडिकल बीमा की सुविधा देगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना का विस्तार करते हुए बुधवार को 15 बसों को अलग-अलग धार्मिक स्थलों के लिए रवाना किया गया। होशियारपुर में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बसों को हरी झंडी दिखाई। दोनों नेताओं ने बसों में पहुंचकर श्रद्धालुओं से बातचीत की और सुविधाओं का जायजा लिया।
इस चरण में बुजुर्गों को हरिद्वार-ऋषिकेश, मथुरा-वृंदावन और श्री खाटू श्याम-सालासर बालाजी के दर्शन कराए जाएंगे। केजरीवाल के मुताबिक, योजना के तहत अब तक चार लाख से अधिक श्रद्धालु तीर्थयात्रा कर चुके हैं।
AC स्लीपर बस, होटल और भोजन का खर्च सरकार उठाएगी
सरकार के अनुसार, यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को AC स्लीपर बस, ठहरने और भोजन की सुविधा मुफ्त दी जाएगी। प्रत्येक बस में एक अटेंडेंट रहेगा, जबकि अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर दर्शन व्यवस्था के लिए विशेष टीमें तैनात की जाएंगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि यात्रियों का मेडिकल बीमा भी कराया जाएगा। आपात स्थिति में सूचीबद्ध अस्पतालों में इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। यात्रा पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद और पीतल का गिलास स्मृति चिह्न के रूप में दिया जाएगा।
हरिद्वार की 10, मथुरा की 2 और खाटू श्याम की 3 बसें
भगवंत मान के अनुसार, होशियारपुर, गुरदासपुर, पठानकोट, जालंधर और कपूरथला से 10 बसें हरिद्वार-ऋषिकेश जाएंगी। फगवाड़ा और गुरदासपुर से 2 बसें मथुरा-वृंदावन, जबकि जालंधर और गुरदासपुर से 3 बसें श्री खाटू श्याम-सालासर के लिए रवाना हुई हैं।
सरकार के मुताबिक, पहले चरण में अमृतसर साहिब और आनंदपुर साहिब-नैना देवी की यात्रा से चार लाख लोग लाभान्वित हुए हैं। योजना पर अब तक 148 करोड़ रुपये खर्च किए जाने और कुल 10 लाख तीर्थयात्रियों को यात्रा कराने का लक्ष्य बताया गया है। केजरीवाल ने कहा कि अगले कुछ महीनों में करीब डेढ़ लाख लोगों को विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कराने की योजना है।
यह भी पढ़ें: ‘कहीं शिकायत करिए, वार्ड में काम नहीं होगा’… BJP पार्षद के आरोप से मचा हड़कंप



