‘पुलिस अंकल-मैडम फोन चलाती रहती हैं…’ पढ़ाई की शिकायत लेकर चौकी पहुंचा कक्षा 7 का छात्र
कानपुर देहात में कक्षा 7 का छात्र पढ़ाई नहीं होने की शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचा। छात्र ने शिक्षिका पर फोन में व्यस्त रहने का आरोप लगाया। इसके बाद शिक्षिका का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

कानपुर देहात में एक कक्षा सात के छात्र की शिकायत ने स्कूल की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजपुर विकासखंड के रसधान स्थित सिविलियन विद्यालय के छात्र माधव मिश्रा का आरोप है कि स्कूल में नियमित पढ़ाई नहीं होती और शिक्षिकाएं मोबाइल फोन पर व्यस्त रहती हैं। छात्र अपनी शिकायत लेकर सीधे पुलिस चौकी पहुंच गया। छात्र ने पुलिसकर्मियों को बताया कि स्कूल में बच्चे अक्सर खेलते रहते हैं और बड़े छात्र उसके साथ मारपीट भी करते हैं। उसका कहना था कि जब वह स्कूल से पुलिस चौकी के लिए निकला, तब भी शिक्षिका फोन पर बात कर रही थीं।
छात्र को लेकर स्कूल पहुंची पुलिस
छात्र की शिकायत सुनने के बाद पुलिसकर्मी उसे लेकर स्कूल पहुंचे। वहां शिक्षिका और छात्र के बीच बातचीत हुई। इसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें शिक्षिका छात्र को फटकार लगाती दिखाई दे रही हैं। वायरल वीडियो में शिक्षिका सायमा खान छात्र से अपनी परेशानी सीधे बताने की बात कहती सुनाई देती हैं। छात्र जवाब देता है कि उसकी बात नहीं सुनी जाती। इसके बाद शिक्षिका कथित तौर पर उसे डांटते हुए मारने की बात कहती सुनाई देती हैं। बताया जा रहा है कि यह घटनाक्रम 10 अगस्त का है। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल में पढ़ाई और छात्र के साथ कथित व्यवहार को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
शिक्षा विभाग की जांच पर टिकी नजर
मामले में छात्र द्वारा लगाए गए आरोपों और वायरल वीडियो, दोनों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। एक तरफ छात्र ने पढ़ाई नहीं होने और अन्य छात्रों द्वारा मारपीट का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर वायरल वीडियो में शिक्षिका का व्यवहार सवालों के घेरे में है। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। शिक्षा विभाग यदि मामले का संज्ञान लेकर स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षिका के व्यवहार और छात्र की शिकायत की जांच करता है, तो वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अभिभावकों और स्थानीय लोगों की नजर अब विभागीय कार्रवाई पर है।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में टीबी के खिलाफ नई मुहिम, 3,081 निक्षय मित्र पहले से निभा रहे बड़ी भूमिका



