व्यापारी के साथ हादसे के बाद पुलिस अलर्ट, चाइनीज मांझे पर कड़ी नजर
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के बसंतपुर निवासी थोक कारोबारी मनोज कुमार बरनवाल के चाइनीज मांझे की चपेट में आने और गर्दन पर गंभीर चोट लगने की घटना के बाद गोरखपुर पुलिस सक्रिय हो गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के बसंतपुर निवासी थोक कारोबारी मनोज कुमार बरनवाल के चाइनीज मांझे की चपेट में आने और गर्दन पर गंभीर चोट लगने की घटना के बाद गोरखपुर पुलिस सक्रिय हो गई है।
शनिवार सुबह हार्बर्ट बांध के पास हुई इस घटना में मांझे से कारोबारी की गर्दन पर गहरा कट लग गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी गर्दन पर करीब आठ से 10 टांके लगाए गए।
घटना के बाद एसएसपी डॉ कौस्तुभ ने चाइनीज मांझे के खिलाफ जागरूकता और निगरानी अभियान तेज करने का निर्देश दिया है। पुलिस ड्रोन कैमरे के जरिए क्षेत्र में निगरानी कर रही है और लोगों को चाइनीज मांझे के इस्तेमाल से बचने की चेतावनी दे रही है। ड्रोन के माध्यम से निगरानी के साथ पुलिस लोगों से प्रतिबंधित मांझे का इस्तेमाल नहीं करने की अपील भी कर रही है।
पुलिस की ओर से अभिभावकों से विशेष अपील की जा रही है कि वे अपने बच्चों को चाइनीज मांझा खरीदने और उसका इस्तेमाल करने से रोकें। पुलिस का कहना है कि यह मांझा राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इसके अलावा इससे पक्षियों के घायल होने का खतरा भी बना रहता है।
व्यापारी के घायल होने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चाइनीज मांझे को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस और प्रशासन की सक्रियता का स्वागत करते हुए प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की ड्रोन निगरानी और चेतावनी के बाद अब चाइनीज मांझे के इस्तेमाल पर अंकुश लगाने की दिशा में कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



