JPSC-JSSC आंदोलन पर सरकार और छात्रों में होगी बातचीत, आज स्टेट गेस्ट हाउस में बैठक

JPSC-JSSC भर्ती प्रक्रियाओं में धांधली को लेकर रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों से बातचीत के लिए हेमंत सरकार ने फिर पहल की है. आज स्टेट गेस्ट हाउस में बैठक आयोजित की गई है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: JPSC-JSSC भर्ती प्रक्रियाओं में धांधली को लेकर रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों से बातचीत के लिए हेमंत सरकार ने फिर पहल की है. आज स्टेट गेस्ट हाउस में बैठक आयोजित की गई है.

झारखंड सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों को आज फिर बातचीत के लिए आमंत्रित किया है. यह फैसला यहां प्रदर्शन स्थल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) और अपर जिला मजिस्ट्रेट (कानून-व्यवस्था) की छात्रों के साथ बैठक के बाद लिया गया. अधिकारी ने कहा, प्रदर्शनकारियों को आज दोपहर दो बजे बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया है. छात्रों को उनके कानूनी सलाहकार के साथ वार्ता में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया है.

इससे पहले झारखंड सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच छह दौर की बातचीत हो चुकी है. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र संगठन जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच ने कहा कि आंदोलनकारी छात्रों ने राज्य अतिथि गृह में सरकार के साथ फिर से बातचीत के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है, लेकिन वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे.

कानूनी सलाहकार की मौजूदगी में होगी बातचीत

जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि बातचीत उनके कानूनी सलाहकार की मौजूदगी में होगी. पासवान ने कहा, हम निश्चित रूप से वार्ता के लिए जाएंगे क्योंकि हम इस मुद्दे का समाधान बातचीत के जरिए चाहते हैं. लेकिन हम दो मांगों पर अडिग हैं- भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं की सीबीआई जांच और जेएसएससी-सीजीएल (झारखंड कर्मचारी चयन आयोग-संयुक्त स्नातक स्तरीय) परीक्षा रद्द करना.

23वें दिन में प्रवेश कर गया प्रदर्शन

उन्होंने कहा कि सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता करने वाले छात्र प्रतिनिधिमंडल में कितने छात्र होंगे, इसकी घोषणा आज की जाएगी. नौ अगस्त को हुई पिछली दौर की वार्ता में कोई समाधान नहीं निकल सका था. रविवार को प्रदर्शन 23वें दिन में प्रवेश कर गया.

रविवार को राजधानी रांची में आंदोलरत छात्रों ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी औऱ RJD के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव का पुतला फूंका. इसके अलावा छात्रों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव का भी ऐलान किया है.

Related Articles

Back to top button