मानस के WhatsApp Status में छिपा था राज! लिखा- ‘उसने मुझे धोखा दिया…’
गोमतीनगर में डबल मर्डर-सुसाइड से पहले आरोपी मानस ने WhatsApp स्टेटस पर पत्नी की हत्या, खुदकुशी और बहन को मारने का खौफनाक कबूलनामा लिखा था.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोमतीनगर में डबल मर्डर-सुसाइड से पहले आरोपी मानस ने WhatsApp स्टेटस पर पत्नी की हत्या, खुदकुशी और बहन को मारने का खौफनाक कबूलनामा लिखा था.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर-सुसाइड केस में एक बेहद चौंकाने वाला और खौफनाक मोड़ सामने आया है. अपनी बैंक अधिकारी पत्नी दिव्या मिश्रा और सगी बहन की हत्या कर खुदकुशी करने वाले आरोपी मानस बाजपेई का एक व्हाट्सएप स्टेटस (WhatsApp Status) सामने आया है, जिसने इस पूरे मामले के पीछे की खौफनाक सनक की पोल खोल दी है.
मानस ने वारदात को अंजाम देने के दौरान ही सोशल मीडिया पर अपना जुर्म कबूल करते हुए पत्नी पर बेवफाई के गंभीर आरोप लगाए और आगे के अपने खौफनाक कदम की पटकथा भी लिख दी थी.
WhatsApp स्टेटस में क्या लिखा था?
आरोपी मानस बाजपेई ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस में लिखा था- आज मैंने अपनी पत्नी को मार दिया क्योंकि उसने मुझे धोखा दिया (चीट किया) था. अब मुझे खुद को और अपनी बहन को मारना है. उसकी बहन प्रज्ञा और भारत को सब पता है…”
इस मैसेज से साफ होता है कि आरोपी ने बेहद ठंडे दिमाग से इस पूरी वारदात की योजना बनाई थी. उसने न सिर्फ पत्नी की हत्या को सही ठहराने की कोशिश की, बल्कि यह भी संकेत दे दिया था कि वह अपनी बहन को मारने और खुद जान देने जा रहा है.
पहले पत्नी को बैंक के बाहर भूना, फिर घर जाकर बहन की ली जान
मानस के इस स्टेटस के बाद की घटनाएं ठीक वैसी ही हुईं जैसा उसने लिखा था. गुरुवार सुबह मानस दो पिस्टल लेकर गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक पहुंचा. उसने अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा (जो पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं) को फोन करके बाहर बुलाया.
दिव्या के सामने आते ही उसने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे इलाज के दौरान दिव्या की मौत हो गई. बैंक के बाहर फायरिंग करने के बाद आरोपी ऑटो से हुसड़िया चौराहे स्थित अपने घर पहुंचा. वहां उसने स्टेटस में लिखे अपने दूसरे कदम को अंजाम दिया और अपनी सगी बहन को गोलियों से भून डाला. इसके बाद उसने खुद को गोली मारकर जीवनलीला समाप्त कर ली.
पुलिस जांच में स्टेटस बना अहम सबूत
गोमतीनगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने इस व्हाट्सएप स्टेटस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और CCTV फुटेज को अपनी जांच का मुख्य हिस्सा बना लिया है. पुलिस यह पता लगा रही है कि स्टेटस किस समय पोस्ट किया गया था और क्या इस पूरे घटनाक्रम में कोई अन्य पहलू भी शामिल है. राजधानी में थाने के इतने करीब हुई इस वारदात और 3 मौतों के बाद से इलाके में भारी दहशत का माहौल है.



