गीडा में ट्रक से भिड़ी बस, चालक की मौत; 14 यात्री घायल, चार जिलों के यात्री जख्मी

गोरखपुर के गीडा में यात्रियों से भरी बस ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस चालक दयाशंकर यादव की मौत हो गई, जबकि 14 यात्री घायल हुए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः  गोरखपुर में शुक्रवार को सड़क हादसे ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया। गीडा थाना क्षेत्र में यात्रियों से भरी बस आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस चालक दयाशंकर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में 14 यात्री भी घायल हुए हैं।

ट्रक के पीछे चल रही थी बस, अचानक हुई जोरदार टक्कर

जानकारी के मुताबिक, बस यात्रियों को लेकर गीडा थाना क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान बस आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी।

हादसे में बस चालक दयाशंकर यादव निवासी ग्राम बसहुपुर, सेवापुरी, वाराणसी को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने उन्हें समेत अन्य घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चालक ने दम तोड़ दिया।

चार जिलों के 14 यात्री घायल

हादसे में घायल यात्रियों में गोरखपुर के अलावा संतकबीरनगर, जौनपुर और वाराणसी के लोग शामिल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस घायलों और उनके स्वजन से घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही गीडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव की कार्रवाई शुरू कराई। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल रहा।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी पुलिस

चालक की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में शामिल वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

एटीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है और मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट -अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: बिसौली में लकड़ी कारोबार पर बड़ा सवाल, DFO को लेकर कथित टिप्पणी से मचा हड़कंप

Related Articles

Back to top button