गोरखपुर जेल में बंदी की अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचते ही मचा हड़कंप

गोरखपुर जिला जेल में बंद करीब 30 वर्षीय विचाराधीन बंदी समीर शेख की जिला अस्पताल में मौत हो गई। दौरे पड़ने के बाद उसे भर्ती कराया गया था। पोस्टमार्टम से मौत की वजह स्पष्ट होगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः  गोरखपुर जिला कारागार में बंद करीब 30 वर्षीय विचाराधीन बंदी की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जेल प्रशासन के मुताबिक, बंदी को अचानक गंभीर दौरे पड़ने के बाद अस्पताल भेजा गया था। मृतक की पहचान समीर शेख पुत्र तहसील, निवासी जसवल बाजार, थाना पीपीगंज के रूप में हुई है। मौत के बाद नियमानुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई जा रही है।

घरेलू हिंसा के मामले में 19 अगस्त को जेल गया था

जेल प्रशासन की ओर से जिला मजिस्ट्रेट को भेजी गई सूचना के अनुसार, समीर शेख को 19 अगस्त 2026 को न्यायालय के आदेश पर घरेलू हिंसा अधिनियम से जुड़े मामले में जिला कारागार में दाखिल किया गया था।

बताया गया कि वह पहले से ही लीवर और किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित था। जेल प्रशासन ने उसे क्रॉनिक अल्कोहलिक भी बताया है। ऐसे में उसकी स्वास्थ्य स्थिति पहले से गंभीर बताई जा रही थी।

दौरे पड़ने के बाद बिगड़ी हालत

21 अगस्त की शाम समीर को अचानक Generalized Tonic-Clonic Seizure यानी गंभीर प्रकार के दौरे पड़े। जेल में प्राथमिक उपचार दिए जाने के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल के आकस्मिक विभाग में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया। जेल प्रशासन के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे विशेषज्ञ चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद साफ होगी मौत की वजह

बंदी की मौत की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। जेल प्रशासन ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के लिए सक्षम मजिस्ट्रेट नामित करने का अनुरोध किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के चिकित्सकीय कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पांडेय के अनुसार, मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर 

यह भी पढ़ें: पहले ब्लैकमेल, फिर शादी और अब ससुराल में उत्पीड़न का आरोप; गोरखपुर में FIR

Related Articles

Back to top button