पेपर लीक केस में IAS के घर ED की दस्तक, सुबह 8 बजे पहुंची टीम; मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से जांच

बरेली के नवाबगंज में IAS ज्ञानेंद्र गंगवार के पैतृक घर पर ED ने छापेमारी की। कार्रवाई KPSC पेपर लीक, कथित भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग जांच से जुड़ी बताई जा रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में रविवार को उस वक्त हलचल मच गई, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने 2016 बैच के IAS अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार के पैतृक आवास पर छापेमारी की। कार्रवाई सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई और देर रात तक जारी रही। मामला कर्नाटक लोक सेवा आयोग की परीक्षा में कथित पेपर लीक और ओएमआर शीट से छेड़छाड़ की जांच से जुड़ा बताया जा रहा है।

पेपर लीक जांच के बीच पैतृक घर पहुंची ED

ईडी की दिल्ली से आई टीम हिमकरपुर चमरौआ गांव स्थित ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार के पैतृक आवास पहुंची। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, टीम ने कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े संभावित साक्ष्यों की तलाश में घर में जांच की। हालांकि, ईडी की ओर से छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है।

ज्ञानेंद्र गंगवार वर्तमान में कर्नाटक के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग में निदेशक पद पर तैनात हैं। इससे पहले वह कर्नाटक लोक सेवा आयोग में परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

KPSC परीक्षा में गड़बड़ी के बाद बढ़ी जांच

कर्नाटक लोक सेवा आयोग ने जनवरी में पशु चिकित्साधिकारी पद के लिए परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा में पेपर लीक और ओएमआर शीट में कथित छेड़छाड़ की शिकायतों के बाद जांच शुरू हुई। भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और कथित मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका के बीच ईडी ने पिछले सप्ताह कर्नाटक में आयोग से जुड़े कई अधिकारियों के ठिकानों पर कार्रवाई की थी।

20 अगस्त को ज्ञानेंद्र गंगवार के अचानक लापता होने और फोन बंद होने की खबर भी सामने आई थी। बाद में कर्नाटक सरकार ने बताया था कि वह हस्तलिखित अवकाश लेकर पिता की हृदय संबंधी बीमारी के कारण पैतृक गांव आए हैं।

घर पर तैनात रही पुलिस, बरामदगी का खुलासा नहीं

छापेमारी के दौरान सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस बल भी तैनात रहा। घर के बाहर सात पुरुष और तीन महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि ईडी की एक टीम ने बेंगलुरु स्थित आवास पर भी कार्रवाई की।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छापेमारी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिले। ईडी की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई की पूरी तस्वीर साफ होगी।

रिपोर्ट- सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: उन्नाव: भाई की हरकत का विरोध करना पड़ा भारी, गुस्से में उठाया हसिया और कर दिया कत्ल

Related Articles

Back to top button