होटल से WhatsApp चैट तक जांच की मांग, दुष्कर्म केस में पीड़िता ने खोले कई राज

बांदा के गिरवां में महिला ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, गर्भपात के दबाव और धमकी के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने निष्पक्ष जांच और वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बांदा के गिरवां थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमा संख्या 270/2026 को लेकर एक पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने नामजद युवक पर शादी का झांसा देकर दिल्ली ले जाने, नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने और गर्भवती होने के बाद गर्भपात के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। मामले में निष्पक्ष जांच और वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी की मांग की गई है।

दिल्ली ले जाकर दुष्कर्म का आरोप

पीड़िता के मुताबिक 27 फरवरी 2026 को आरोपी मनीष उसे दिल्ली ले गया था। आरोप है कि वहां नशीला पदार्थ खिलाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया गया। पीड़िता का दावा है कि बाद में आरोपी ने शादी का भरोसा देकर शिकायत न करने के लिए दबाव बनाया।

गर्भावस्था के बाद बढ़ा दबाव

पीड़िता ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद उस पर गर्भपात कराने का दबाव डाला गया। साथ ही रुपये लेकर मामला खत्म करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में मेडिकल रिकॉर्ड, मजिस्ट्रेट के बयान और गर्भावस्था संबंधी दस्तावेजों की जांच की मांग की है।

होटल, मोबाइल चैट और सीसीटीवी की जांच की मांग

पीड़िता ने होटल के सीसीटीवी फुटेज व रजिस्टर, कॉल डिटेल, व्हाट्सऐप चैट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को जांच में शामिल करने की मांग की है। उसने आशंका जताई कि प्रभावशाली लोगों के जरिए जांच प्रभावित या साक्ष्य नष्ट किए जा सकते हैं। इसलिए वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में विवेचना कराने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की गई है।

रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: एंबुलेंस का रास्ता खुलवाने पहुंचा होमगार्ड, फिर जो हुआ उसका VIDEO हो गया वायरल

Related Articles

Back to top button